जींद : जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को करगिल के शहीदों को श्रद्धाजंलि दी।
पूर्व सांसद शुक्रवार को यहां जींद में करगिल शहीद स्मारक पहुंचे और राष्ट्र के लिये जीवन बलिदान करने वाले सैनिकों को पुष्पाजंलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
दुष्यंत चौटाला ने कहा, ‘‘26 जुलाई की तारीख का खास महत्व है। आज से ठीक 20 साल पहले देश के जांबाज सैनिकों ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ाते हुए पाक घुसपैठियों को दुर्गम पहाडिय़ों से पूरी तरह से खदेड़ दिया था और इसी निर्णायक दिन करगिल में भारत की जीत हुई थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसी दिन भारतीय सेना ने हर भारतीय का सिर एक बार फिर गौरव से उंचा करने का अवसर प्रदान किया था। करगिल युद्ध में हरियाणा के सैनिकों की बड़ी भूमिका रही थी और प्रदेश के सैंकड़ों सैनिक करगिल में शहीद हुए थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इससे पहले भी भारतीय सैनिकों ने पाक के खिलाफ कई युद्ध जीते और पाकिस्तान को उसकी हद बताई है। इन शूरवीरों की बदौलत ही आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। भारतीय सैनिक अपना सबकुछ न्यौछावर कर दिन-रात हर मौसम में सरहद पर डटे रहते हैं और हर भारतीय चैन की नींद सो रहा होता है।’’ पूर्व सांसद ने बाद में जन-चौपाल कार्यक्रम में कहा, ‘‘प्रदेश में जेजेपी के सत्ता में आने पर जींद जिले में शहीदे आजम भगत सिंह की सबसे उंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। वीरगति को प्राप्त सभी अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को भी शहीद का दर्जा दिलवाया जाएगा। शहीद सैनिकों के परिवार को 50 लाख रुपये की धनराशि और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी।’’


Download Android App
Download iOS App



