चंडीगढ़ : हरियाणा के मेवात में आठ लोगों ने 17 वर्षीय नाबालिग का अपहरण किया और फिर बारी बारी से कथित रूप से उसके साथ बलात्कार किया। घटना के बाद पीड़िता ने कथित रूप से खुदकुशी कर ली। पीड़िता के पिता की ओर से दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने आज बताया कि लड़की का अपहरण सोमवार को हुआ था और सामूहिक दुष्कर्म के बाद पीड़िता नूह जिले के एक सुनसान इलाके में बेहोशी की हालत में पायी गयी थी। इसके अनुसार आरोपियों ने जब किशोरी का अपहरण किया तब वह घर में अकेली थी।
आरोपी दो मोटरसाइकिल और कार में आये थे। रोजका मेव पुलिस थाना के अधिकारी ने आज फोन पर बताया कि अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गये। घटना के बाद मंगलवार को पीड़िता ने अपने घर में फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। उसके पिता ने पुलिस को बताया कि पीड़िता ने आरोपी की पहचान भी बतायी क्योंकि इससे पहले भी वह पीड़िता का पीछा करता था। रोजका मेव के थाना प्रभारी जय भगवान ने बताया , ‘‘ हमने आरोपियों के खिलाफ अपहरण , सामूहिक बलात्कार एवं आत्महत्या के लिये उकसाने का मामला दर्ज किया है और उन्हें पकड़ने के लिये छापेमारी कर रहे हैं। ’’ मेवात की पुलिस अधीक्षक ( एसपी ) नाजनीन भसीन ने बताया , ‘‘ मामले में जांच जारी है। ’’
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



