भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों के एक संगठन ने शनिवार को यहां सर्किट हाउस में घुसने की कोशिश की, जहां सत्तारूढ़ जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रमुख अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर कुछ सफाईकर्मियों को सम्मानित करने के लिये एक कार्यक्रम आयोजित किया था।
अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किये गये थे। राज्य सरकार के भवन सर्किट हाउस में किसानों को घुसने से रोकने के लिए उसके दरवाजे बंद कर दिये गये थे। जेजेपी विधायक राम करण काला को इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करनी थी, लेकिन वह नहीं पहुंचे। किसानों ने जेजेपी विधायकों के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि उन्होंने हरियाणा सरकार के खिलाफ विपक्ष द्वारा किसानों के मुद्दे पर लाये गये अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया।
एक किसान नेता ने कहा कि वे विधायक से भेंट करना चाहते थे जिन्होंने कुछ समय पहले उन्हें आश्वासन दिया था कि वह केंद्र के नये कृषि कानूनों के विरूद्ध किसानों के आंदोलन का समर्थन करेंगे लेकिन विधानसभा में भाजपा-जेजेपी के विरूद्ध कांग्रेस द्वारा लाये गये अविश्वास प्रस्ताव का उन्होंने समर्थन नहीं किया।
पुलिस के हस्तक्षेप से किसान आयोजकों द्वारा इस कार्यक्रम को रद्द कर दिये जाने पर वहां से जाने को तैयार हुए। कुरूक्षेत्र के थाना प्रभारी देविंदर वालिया ने कहा कि पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक सर्किट हाउस का दरवाजा बंद रखा क्योंकि प्रदर्शनकारी किसान अंदर घुसने की जिद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान आयोजकों का मुंह काला करना चाहते थे।
इस बीच, किसानों के एक अन्य समूह ने इस मुद्दे पर निर्दलीय विधायक धरम पाल गोंडर के खिलाफ प्रदर्शन किया। वह पड़ोसी जिले करनाल में एक कार्यक्रम में पहुंचने वाले थे, लेकिन वह नहीं गये। किसानों ने दावा किया कि उनके प्रदर्शन के चलते विधायक ने ऐसा किया।


Download Android App
Download iOS App



