जींद : जींद-रोहतक मार्ग पर किलाजफरगढ़ गांव के पास 10 मई से धरना लगातार चल रहा है। सरकार और प्रशासन का कोई भी नुमाइंदा धरने पर नही पहुंचा जिसको लेकर किसानों में रोष बना हुआ है। रविवार को धरने पर किसानों की महापंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें पूरे प्रदेशभर से 3270 गांवों के प्रतिनिधि पहुंचे और धरने का समर्थन किया। धरने की अध्यक्षता दलाल बारहा खाप के प्रधान होशियार सिंह दलाल ने की। 152डी के निर्माण के लिए हो रहे ज़मीन अधिग्रहण के लिए उचित मुआवज़े की मांग कर रहे किसानों ने महापंचायत कर आर पार की लड़ाई का बिगुल बजा दिया है।
क्षेत्र के किसान पिछले लगभग दो महीने से किसान नेता रमेश दलाल के नेतृत्व में किला जफ़रगढ़ गांव (जिला जींद) व रामपुर गांव (जिला दादरी) में धरने पर बैठे है। किसानों ने अपनी मांगों को पुरज़ोर तरीके से उठाने के लिए क्षेत्र के सभी गांवों, सामाजिक संगठनों व खापों की महापंचायत बुलाई थी। नंदगढ़ बारहा के प्रधान चौ. होशियार सिंह दलाल के अध्यक्षता में व जुलाना बारहा के प्रधान राजमल लाठर के सहयोग से हुई महापंचायत में हज़ारो की संख्या में क्षेत्र की खापों व सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लिया। महापंचायत में बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंची व उन्होंने बढ़ चढ़ कर पूरी करवाई में हिस्सा लिया।
महापंचायत का मंच संचालन दलाल खाप 84 के प्रवक्ता कैप्टन मान सिंह दलाल ने किया। महापंचायत ने किसानों के साथ हो रहे अन्याय के विरोध में आरपार की लड़ाई लडऩे का फैसला ले लिया है। रमेश दलाल ने बताया कि महापंचायत में आए सभी खापों, सामाजिक संगठनों व किसानों द्वारा मिलकर सवज़्सम्मिति से फैसला कर सरकार के सामने 4 मांगे रखी गई है। जुलाना व दादरी जि़ले में 152डी के निर्माण के लिए किए जा रहे ज़मीन अधिग्रहण के लिए 2 करोड़ प्रति एकड़ मुआवज़ा दिया जाए। हरियाणा को उसके अधिकार का एसवाईएल नहर का पानी दिया जाए। महापंचायत ने सर्वसम्मति से फैसला कर सरकार को सभी मांगे मानने के लिए 11 जून तक का समय दिया है।
अगर 11 जून तक सरकार ने सभी मांगे नही मानी तो किसान जुलाना से गुजरने वाली रोहतक-लुधियाना रेल को रोकेंगे। साथ ही दादरी से गुजरने वाली रेवाड़ी-फाजिल्का रेल को भी रोक दिया जाएगा। अगर इसके बाद 13 जून तक भी सरकार ने मांगे नही मानी तो झज्जर जि़ले के जाखौदा-आसौदा से गुजरने वाली दिल्ली-भटिंडा रेल को रोका जाएगा। इस मौके पर सुरेंदर दहिया प्रधान दहिया खाप, बिल्लू प्रधान कादयान खाप, सुरेंदर दलाल मदीना, हिसार जि़ले से महिला प्रतिनिधि निर्मला दहिया, रोहतक से राजबीर राठी, झज्जर से साहब सिंह मांडौठी, दादरी से विनोद मोड़ी, पलवल से कंवर पाल आदि मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



