मानेसर: दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित आइएमटी चौक पर बन रहे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य बंद होने से चौक पर रोजाना लंबा जाम लग रहा है। कार्य शुरू होने पर इस चौक पर फ्लाईओवर पर डायवर्जन बनाया गया था। इस डायवर्जन की चौड़ाई काफी कम रखी गई थी। अब फ्लाईओवर का निर्माण कार्य रोक दिया गया है। निर्माण कार्य रोकने के बाद भी डायवर्जन की चौड़ाई को नहीं बढ़ाया गया जिस कारण यहां आने वाले बड़े ट्रकों को निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मानेसर गांव के बस स्टैंड पर वाहन चालकों को लंबे जाम में फंसना पड़ रहा है।
हालांकि, आइएमटी चौक पर निजी सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति भी की गई है लेकिन फिर भी रोजाना लंबा जाम लग जाता है। जाम लगने का मुख्य कारण चौक पर वाहनों का दबाव है। राहुल, सौरभ तथा दिनेश ने बताया सुबह और शाम के समय कंपनियों में जाने और छुट्टी का समय होता है। आइएमटी से बसों और ऑटो से आने वाले लोग भी इसी समय आइएमटी चौक से ही ऑटो और बसों का प्रयोग करते हैं। ऑटो चालक चौक पर ही सवारियों को बैठाते हैं जिसमें काफी समय लगता है इस कारण पीछे से आने वाले वाहनों को यहां फंसना पड़ता है। इसी चक्कर में यहां काफी लंबा जाम लग जाता है। इसको लेकर एक निजी संस्था ने केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी शिकायत की है।
– संदीप यादव


Download Android App
Download iOS App



