वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मून जे इन से वार्ता की और वाशिंगटन आने के लिए उन्हें आमंत्रित किया। व्हाइट हाउस ने फोन पर हुई बातचीत के बारे जानकारी देते हुए कहा, ”राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन के साथ बातचीत करके चुनाव में मिली बड़ी जीत और सत्ता के शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक हस्तांतरण के लिए उन्हें और कोरियाई लोगों को आज बधाई दी।” दोनों नेताओं ने अमेरिका-दक्षिण कोरिया के संबंधों और इन दोनों देशों के बीच ”मित्रता” मजबूत करने पर सहमति जतायी है।
व्हाइट हाउस ने कहा, ”राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि वह राष्ट्रपति मून के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक हैं और उन्होंने उन्हें वाशिंगटन की यात्रा के लिए आमंत्रित किया है। राष्ट्रपति मून ने उनका निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।” मून इस एक दशक में दक्षिण कोरिया के पहले उदारवादी राष्ट्रपति हैं। मंगलवार को हुई मतों की गिनती के बाद राष्ट्रीय चुनाव आयोग ने उन्हें विजेता घोषित किया था।
(भाषा)


Download Android App
Download iOS App



