हिसार: यदि जिले में पेड़ अथवा पेड़ की टहनियों की वजह से कोई सड़क दुर्घटना होती है तो इसकी सारी जिम्मेवारी वन विभाग की होगी। इतना ही नहीं ऐसे मामले में किसी की जान चली गई तो वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। यह निर्देश आज इनेलो संसदीय दल के नेता व हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला ने रविवार को रोड सेफ्टी समिति की बैठक में दिए। बैठक में जब वन विभाग से सड़क के बीच में खड़े पेड़ काटने और उनकी टहनियां काटने की अनुमति में देरी की बात आई तो सांसद दुष्यंत ने कहा कि विभाग इसकी देरी क्यों करता है और यदि पेड़ की वजह से कोई दुर्घटना हुई तो पुलिस विभाग इसकी जिम्मेवारी वन विभाग की सुनिश्चित करेगा।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने को लेकर आज जिला रोड सेफ्टी समिति की पहली बैठक सांसद दुष्यंत चौटाला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सबसे ज्यादा फोकस आने वाले धुंध के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने पर था। जिसके तहत जिले की सभी प्रमुख सड़कों पर रेडियम पट्टी लगाने, तीव्र मोड़ों से पहले वाहन चालकों की अग्रिम चेतावनी अंकित करने, सड़कों के बीच खड़े वृक्षों और और उनकी टहनियों को हटाने पर मंथन हुआ। इसके अलावा वाहन चालकों को सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग के लिए विद्यार्थियों के माध्यम से जागरूक करने की रूपरेखा भी तैयार की गई।
सासंद दुष्यंत चौटाला ने पुलिस विभाग द्वारा चैकिंग के बाद हाइवे और मुख्य रोड के बीच ही बैरिकेट्स न हटाने पर नाराजगी जताई और कहा कि पुलिस महकमा यह सुनिश्चित करे कि किसी भी रोड पर बैरिकेट्स न छोड़े जाएं क्यों कि स्पीड से आने वाले वाहनों को रात में ये दिखाई नहीं देते। इस बैठक में विधायक वेद नारंग, जिला पुलिस अधीक्षक मनीषा, एडीसी सहित जिले के अन्य प्रमुख अधिकारी, वाहन विक्रेता एजेंसी संचालक सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित थे। सांसद दुष्यंत चौटाला ने अगले दो दिनों में साउथ बाईपास पर सड़क पर व्यवधान उत्पन्न करने वाले टहनियों को काट कर पेड़ को क्लीयर करने के निर्देश दिए। वन विभाग के अधिकारी ने दिन में टहनियां काटने के दौरान यातायात में व्याधान करने की बात कही तो सांसद दुष्यंत ने पुलिस अधीक्षक को पुलिस कर्मी उपलब्ध करवाने को कहा। इसके अलावा इस माह में टै्रफिक एसएचओ प्रहलाद सिंह को हिसार जिले की सभी रोड को चिन्हित कर रिपोर्ट सौंपने को कहा।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



