गुरूग्राम: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल 14 अगस्त को गुरुग्राम के वाटिका चौक पर लगभग 1900 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले बादशाहपुर एलीवेटिड हाईवे की आधारशिला रखेंगे। इतना बड़ा प्रोजैक्ट गुरुग्राम में लेकर आ रहे श्री गडकरी तथा श्री मनोहर लाल का भव्य स्वागत करने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, जिनको स्वयं प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह देख रहे हैं। राव नरबीर सिंह ने आज इस संबंध में गुरुग्राम के जिला परिषद् स्वतंत्रता सेनानी हाल परिसर में बादशाहपुर गांव व आस पास के क्षेत्रों के मौजिज व्यक्तियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक बुलाई, जिसमें उन्होंने बताया कि श्री गडकरी तथा श्री मनोहर लाल 14 अगस्त सोमवार को सांय 4 बजे बादशाहपुर एलीवेटिड हाईवे का शिलान्यास करने आ रहे हैं।
इसी दिन महाराणा प्रताप चौक के फलाईओवर तथा मेदांता की तरफ से दिल्ली जाने के लिए अंडरपास का भी उद्घाटन किया जाएगा। इस शिलान्यास समारोह के मौके पर वाटिका चौक पर एक जनसभा का भी आयोजन किया जा रहा है। राव नरबीर सिंह ने इस शिलान्यास समारोह में भारी संख्या में पहुंचने का अनुरोध लोगों से किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षो में गुरुग्राम के इतिहास में इतना बड़ा एक प्रोजैक्ट कभी नही मिला, इसलिए गुरुग्राम वासियों का भी फर्ज बनता है कि वे श्री गडकरी और श्री मनोहर लाल का हर्षाेल्लास और जोर-शोर के साथ स्वागत करें। उन्होंने कहा कि यह एलीवेटिड हाईवे बनने के बाद गुरुग्राम के राजीव चौक से सोहना तक मात्र 18 से 20 मिनट में पहुंचा जा सकेगा जबकि वर्तमान में बादशाहपुर व इस्लामपुर आदि में ट्रैफिक जाम लगने से लगभग डेढ़ घंटे का समय लगता है।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि पिछले दिनों फरूखनगर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने वायदा किया था कि बादशाहपुर एलीवेटिड हाईवे का शिलान्यास 15 अगस्त से पहले किया जाएगा। इस वायदे के बारे में जब उन्होंने श्री गडकरी को बताया तो उन्होंने 14 अगस्त को शिलान्यास के लिए समय निकाला, जिसके लिए वे उनके आभारी हैं। राव नरबीर सिंह ने कहा कि उसी दिन श्री गडकरी ने इस प्रोजैक्ट के टैंडर करने के आदेश दिए जो 5 सितंबर को खुलेंगे, उसके बाद ही यह पता चल पाएगा कि इसका निर्माण किस ऐजेंसी को अलाट किया गया है। उन्होंने ये भी कहा कि इस तीन साल की अवधि में श्री गडकरी ने सड़क और राजमार्ग बनाने का जितना काम किया है उतना पिछले 50 साल में भी नहीं हुआ।
– शशि सैनी


Download Android App
Download iOS App



