अक्सर हमने लोगों को चिट्टी और वीडियो के जरिए चुनौती देते देखा है, पर कभी फेसबुक पर चुनौती देते नहीं देखा। जी हां, ऐसे ही एक आशिक ने पुलिस को फेसबुक के जरिए जान से मारने की धमकी दी है। ये खबर राजस्थान की है जहां एक हत्यारा खुलेआम फेसबुक पर पुलिस को चुनौती दे रहा है। चुनौती खुद को गिरफ्तार करने की। इतना ही नहीं, प्यार में पागल यह हत्यारा जेल में बंद अपनी गर्लफ्रेंड के ऊपर किसी भी तरह के जुल्म होने पर सबको मार डालने की भी धमकी दे रहा है।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में श्रीगंगानगर के नेतेवाला बाइपास पर एक ब्लाइंड मर्डर केस सामने आया था, जिसमें एक युवक को गोली मारकर उसकी लाश को बुरी तरह से गाड़ी से रौंदा था। जिसके बाद इस हत्याकांड का खुलासा होने पर हंगामा मच गया था। पुलिस ने हत्या के आरोप में 23 साल की एक लड़की इंदुबाला को गिरफ्तार किया था। पुलिस हत्या में शामिल रहे इंदुबाला के सॉफ्टवेयर इंजीनियर ब्वॉयफ्रेंड दीपक मलिक की तलाश में जुटी थी। इसी बीच दीपक मलिक फेसबुक के जरिए पुलिस को लगातार धमका रहा था। हालांकि 10 अगस्त के बाद वह फेसबुक पर एक बार भी ऑनलाइन नहीं हुआ है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि हम उसकी लोकेशन ट्रेस कर रहे हैं। अधिकारी की मानें तो वो दिल्ली-NCR से अपनी फेसबुक प्रोफाइल को अपडेट कर रहा था, लिहाजा पुलिस की टीम उसके हर मूवमेंट पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि दीपक और इंदुबाला के फेसबुक अकाउंट को देखकर साफ लगता है कि दोनों ही अपराधी किस्म के हैं। दोनों ने फेसबुक अकाउंट पर कई तरह के हथियारों के साथ अपने फोटो अपलोड किए हैं। दीपक ने रिवॉल्वर से लेकर रायफल, फरसा, तलवार और चाकू के साथ तस्वीरें डाली हैं। दोनों ही अच्छे परिवार से हैं। पुलिस उनके परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।
बता दें कि दीपक मलिक और उसकी गर्लफ्रेंड इंदुबाला जाट ने लैब टेक्नीशियन राणियां निवासी विनोद बेनीवाल की हत्या कर दी थी। विनोद इंदुबाला का एक्स ब्वॉयफ्रेंड था। उसको रास्ते से हटाने के लिए इंदुबाला ने दीपक के साथ मिलकर विनोद के मर्डर का प्लान बनाया था। प्लान के अनुसार, इंदुबाला ने विनोद को मिलने के लिए बुलाया, फिर उसको शराब पिलाई। इसके बाद इंदु ने दीपक के साथ मिलकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इंदुबाला ने इसे दुर्घटना का रूप देने के लिए विनोद की लाश को कई बार कार से कुचला भी था। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने इंदुबाला को गिरफ्तार कर लिया था।


Download Android App
Download iOS App




