सोहना : सोहना देहात के एक गांव में रहने वाली एक विवाहित महिला को उसके ससुराल में रहने वाला एक युवक अगवा कर ले गया। अगवा की गई महिला ने युवक पर अपने दोस्त और रिश्तेदारों के साथ मिलकर गैंगरेप किए जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी ने उसे एक महीने तक बंधक बनाकर दिल्ली, उत्तरप्रदेश, हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर रखा और इस दौरान उसके साथ गैंगरेप होता रहा। एक दिन उसने मौका पाकर अपने मायके में फोन कर आपबीती बताई। जिसके बाद परिजनों ने महिला को आरोपितों के चंगुल से छुड़ाया। महिला शिकायत लेकर सोहना देहात पुलिस थाने में आई लेकिन पुलिस महिला को कई दिनों तक आजकल-आजकल कहकर टरकाती और चक्कर कटवाती रही।
महिला के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में महज अश्लील हरकत करने की जीरो एफआईआर दर्ज कर आरोपितोंं को बचाने का काम किया है। पीडि़त महिला का कहना है कि वह जल्द ही इस मामले में पुलिस के आला अधिकारियों से मिलेगी और उन्हे सच्चाई से अवगत कराएगी। जब तक आरोपियों को सजा नही मिलेगी, वह हर्गिज चुप नही बैठेगी। महिला ने पुलिस पर भी पक्षपात करने, दोषियों को बचाने का प्रयास करने जैसे आरोप लगाते हुए कहा कि महिला होने के बावजूद पुलिस ने उसे देर रात तक थाने में पूछताछ के नाम पर बैठाए रखा। वह अपने परिजनों के साथ 3 दिनों से सदर पुलिस थाने के चक्कर काटती रही। पहले शिकायत लेने में आनाकानी की गई। फिर शिकायत ली तो खानापूर्ति ज्यादा निभाई गई है।
उसके साथ गैंगरेप हुआ है जबकि पुलिस ने अश्लील हरकत किए जाने का मामला दर्ज किया है। वह इंसाफ पाने के लिए संघर्ष करेगी और जब तक आरोपितों को सजा नही दिलाएगी, चुप नही बैठेगी। पुलिस की कार्यप्रणाली से भी आला अधिकारियों को अवगत कराएगी। मामले में जानकारी लेने पर देहात पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरेन्द्र का कहना है कि पीडि़त महिला ने पुलिस को जो शिकायत दी है, उसी के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। डेढ़ वर्ष पहले भी उपरोक्त महिला आरोपी के साथ घर से गई थी। परिजनों की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया था लेकिन बाद में महिला ने अपने बयान में अपनी मर्जी से उसके साथ जाना बताया था। जिस कारण जांच के बाद मामला रदद कर दिया गया था लेकिन अब महिला उसी युवक के खिलाफ शिकायत लेकर आई है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।
– उमेश गुप्ता


Download Android App
Download iOS App



