हरियाणा के गुरुग्राम जिले के पटौदी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया। सफेदाद नगर में एक युवक ने सो रहे अपने सौतेले पिता की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी युवक अपनी मां की दूसरी शादी से खुश नहीं था। इसी बात को लेकर उसके और सौतेले पिता के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। माना जा रहा है कि इसी नाराजगी के कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
13 साल से साथ रह रहे थे मनोज और पूजा

मृतक की पहचान 50 वर्षीय मनोज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के हलासपुर गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, मनोज पिछले करीब 13 साल से पूजा के साथ रह रहे थे। बाद में दोनों ने शादी कर ली थी। पूजा की यह दूसरी शादी थी। पहली शादी से उसके चार बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ा बेटा शिवम है। परिवार पहले गांव में रहता था, लेकिन बाद में रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे शहर चला गया।
सफेदाद नगर का मामला

करीब तीन महीने पहले मनोज और पूजा अपनी बेटी के साथ गुरुग्राम आकर रहने लगे थे। वे पटौदी के सफेदाद नगर में किराये के मकान में रहते थे और मजदूरी करके परिवार का गुजारा कर रहे थे। करीब एक सप्ताह पहले पूजा का बड़ा बेटा शिवम अपनी मां से मिलने यहां आया था। वह कुछ दिनों से परिवार के साथ ही रह रहा था।
रात में सोते समय किया हमला

मंगलवार रात मनोज घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान शिवम ने उन पर गैती से हमला कर दिया। उसने गले पर कई वार किए, जिससे मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी गैती वहीं छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

सूचना मिलते ही पटौदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी पूजा की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और मां की दूसरी शादी को लेकर नाराजगी हत्या की मुख्य वजह सामने आई है।
फिलहाल आरोपी शिवम की तलाश के लिए कई जगह छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल इलाके में इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।


Download Android App
Download iOS App




