कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को कहा कि 21 अक्टूबर के विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में “जन विरोधी” भाजपा सरकार का अंत हो जाएगा क्योंकि लोगों ने विपक्षी दल (कांग्रेस) को सत्ता में लाने के लिये अपना मन बना लिया है।
हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के नेता हुड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा किए गए झूठे वादे लोगों के सामने उजागर हो चुके हैं। गरही सांपला किलोली निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस नेता ने कहा, “वे (भाजपा नेता) अबकी बार 75 पार की बात करते हैं, लेकिन लोग कह रहे हैं अबकी बार कांग्रेस की सरकार।”

पर्चा भरने के लिए निकलने से पहले हुड्डा ने अपने आवास पर हवन भी किया । उनके साथ उनकी पत्नी आशा हुड्डा और पुत्र दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित परिवार के सदस्य और कांग्रेस के कुछ नेता भी थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों और सरकारी कर्मचारियों सहित समाज का सभी तबका भाजपा की जन विरोधी नीतियों से प्रभावित हुआ है।”
उन्होंने कहा, “धन लेकर नौकरी घोटाला और अवैध खनन घोटाला सहित कई घोटाले हुए। उन्होंने एक भी वादा नहीं निभाया लेकिन इवैंट मैनेजमेंट और सपने दिखाने में वे (भाजपा) माहिर हैं।” उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में भाजपा नेतृत्व वाली जन विरोधी सरकार के गिनती के दिन बचे हैं और लोगों ने उसे सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। रोहतक के पूर्व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि हरियाणा में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस मजबूत स्थिति में है ।


Download Android App
Download iOS App



