हरियाणा के जींद से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने जिले के अफसरों की कार्यशैली को लेकर एक विवादित टिप्पणी करते हुए आतंकवादियों को उनसे अच्छा बताया जो विस्फोट करके अपनी जिम्मेदारी तो लेते हैं।
बारिश के बाद शुक्रवार को क्षेत्र के हालात का जायजा लेने निकले मिढ़ा को जब एक जगह सड़क धंसने पर लोगों ने अपनी परेशानी बताते हुए रोक लिया तो उन्होंने मौके पर अधिकारियों को तलब किया। बीएंडआर, जनस्वास्थ्य विभाग, शहरी निकाय तथा सिंचाई विभाग के अधिकारी जब मौके पर पहुंचे तो विधायक ने अधिकारियों से जानना चाहा कि लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई सड़क धंसी कैसे? इस पर अधिकारी एक-दूसरे के विभाग को इसके लिए जिम्मेदार ठहराने लगे।
अधिकारियों की कार्यशैली से आहत विधायक ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए यहां तक कह डाला कि “अधिकारियों से तो अच्छे आंतकवादी हैं जो विस्फोट करके अपनी जिम्मेदारी तो ले लेते हैं, ये अधिकारी तो उनसे भी बुरे हैं।”
डा. कृष्ण मिढ़ा ने कहा कि उन्होंने सीएम को भी बोला था, उन्हें खुद शर्म आ रही है कि वे ऐसे अधिकारियों के विधायक हैं जिनकी वजह से सड़कों तथा सीवरेज व्यवस्था का यह हाल है। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को चेताया कि अगर तीन दिन में सड़क का निर्माण नहीं होता तो वे अपने स्तर पर कार्य को शुरू करवाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



