हरियाणा सरकार ने राज्य में चिकित्सीय ऑक्सीजन की निर्बाध एवं पर्याप्त आपूर्ति तथा इसका समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए यहां एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। सरकार ने यह भी कहा कि प्राणवायु (ऑक्सीजन) के उत्पादन में वृद्धि के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
आधिकारिक बयान में कहा गया कि कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के चलते चिकित्सीय ऑक्सीजन की मौजूदा मांग को पूरा करने की आवश्यकता महसूस करते हुए यहां सचिवालय में हरियाणा सरकार ने एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। इसमें कहा गया, ‘‘भारत सरकार द्वारा हरियाणा के लिए आवंटित ऑक्सीजन का समान वितरण सुनिश्चित करने और राज्य के भीतर इसकी निर्बाध एवं पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक राज्यस्तरीय ऑक्सीजन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।’’
बयान में कहा गया कि नियंत्रण कक्ष यह भी सुनिश्चित करेगा कि प्रत्येक जिला अपनी वितरण योजना जारी करे और एक पूर्व चेतावनी प्रणाली संचालित करे। हरियाणा में इस समय कोविड-19 के 80,000 से अधिक उपचाराधीन मामले हैं। राज्य में हाल के दिनों में चिकित्सीय ऑक्सीजन के लिए मांग कई गुना बढ़ गई है।


Download Android App
Download iOS App



