हरियाणा के नूंह मेवात में डीएसपी सुरेंद्र बिश्नोई की हत्या के बाद खनन माफियाओं ने एक बार फिर पुलिस पर हमला कर दिया है। नूंह में ही एक अवैध खनन स्थल पर छापेमारी के दौरान अज्ञात लोगों ने पुलिस और जिला खनन विभाग की संयुक्त टीम पर हमला कर दिया।
घटना पर एएसपी उषा कुंडू ने कहा कि मेवात पुलिस ने 50 से 60 लोगों के खिलाफ अवैध खनन और जान से मारने की कोशिश का केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। एएसपी ने बताया कि मेवात पुलिस ने मौके से अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही तीन पोकलेन मशीनों के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है।

दरअसल, गुरुवार को जिला खनन विभाग और मेवात पुलिस को सूचना मिली थी कि राजस्थान से सटे पुन्हाना के सीमांत गांव बडेड में बड़े तौर पर अवैध खनन हो रहा है। जानकारी मिलने पर घटना स्थल पहुंची पुलिस और खनन विभाग की टीम जैसी ही पहुंची माफियाओं ने पथराव कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस पार्टी और माइनिंग अधिकारियों को भागकर अपनी जान बचाई।
डीएसपी सुरेंद्र सिंह विश्नोई को खनन माफियाओं ने ट्रक से कुचला
गौरतलब है कि 19 जुलाई नूंह के पास पचगांव अवैध पत्थर खनन की जांच कर रहे एक डीएसपी सुरेंद्र सिंह विश्नोई की एक ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी गई। डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने दस्तावेजों की जांच के लिए एक डंपर-ट्रक को रुकने का इशारा किया था, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाते हुए उन्हें ट्रक से कुचल दिया।
डीएसपी के चालक और सुरक्षाकर्मी ने सड़क के किनारे कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन सुरेंद्र सिंह ट्रक की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि सुरेंद्र सिंह को फौरन पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



