Haryana News: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा की बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग का 1,500 करोड़ रुपये का वर्क स्लिप घोटाला गरीब मजदूरों के साथ किया गया सबसे बड़ा धोखा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में हुई जांच में करीब 6 लाख वर्क स्लिप में से 5.46 लाख फर्जी पाई गईं, यानी 90 प्रतिशत से ज्यादा गड़बड़ी सामने आई।
Haryana News: फर्जी मजदूरों को मिला लाभ
अनुराग ढांडा ने बताया कि 2.21 लाख पंजीकरणों की जांच में सिर्फ 14,240 ही सही पाए गए। फर्जी मजदूरों के नाम पर मातृत्व लाभ, शिक्षा सहायता और स्कॉलरशिप जैसी योजनाओं से प्रति व्यक्ति 2 से 2.5 लाख रुपये तक निकाले गए, जबकि असली मजदूर आज भी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।
Anurag Dhanda Attacks BJP: मुख्यमंत्री बदले, लेकिन बीजेपी का चरित्र नहीं बदला
उन्होंने कहा कि 2014 से 2024 तक मनोहर लाल खट्टर और उसके बाद नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री बने, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बावजूद बीजेपी सरकार का घोटाले वाला चरित्र नहीं बदला। खट्टर से सैनी तक घोटाले अपवाद नहीं बल्कि शासन का हिस्सा बने रहे।
11 साल में 20 से ज्यादा बड़े घोटाले
अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि बीते 11 वर्षों में हरियाणा में 20 से अधिक बड़े घोटाले सामने आए हैं। कई मामलों में CAG रिपोर्ट, कोर्ट की टिप्पणियों, ED और विजिलेंस जांच तथा दर्ज FIR से हजारों करोड़ रुपये के नुकसान की पुष्टि होती है।
खनन घोटाले से उजड़ा पर्यावरण और सरकारी खजाना
उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र में सबसे बड़े घोटाले सामने आए। नूंह जिले में अवैध खनन से 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ। अरावली की पहाड़ियों से 80 करोड़ टन से अधिक खनन किया गया। भिवानी के दादम क्षेत्र में अवैध खनन से लगभग 1,200 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और 2022 में लैंडस्लाइड में 7 मजदूरों की जान चली गई।
CAG के अनुसार अरावली क्षेत्र में अवैध खनन और रॉयल्टी चोरी से 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ, जबकि NGT ने 66 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया। यमुनानगर में 2025 में अवैध खनन को लेकर 860 से ज्यादा FIR दर्ज हुईं, लेकिन माफिया पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
पैडी खरीद घोटाला
अनुराग ढांडा ने कहा कि किसानों के नाम पर पैडी खरीद में भी बड़ा घोटाला हुआ। 2025 में करनाल सहित कई जिलों में दर्ज FIR से सामने आया कि एक ही मिल में 24,431 क्विंटल पैडी, जिसकी कीमत करीब 6.31 करोड़ रुपये थी, कागजों से गायब हो गई। फर्जी गेट पास और दूसरे राज्यों से सस्ती पैडी दिखाकर MSP पर खरीद दर्शाई गई, जिससे कुल नुकसान 4,000 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया।
भर्ती घोटालों से युवाओं का भविष्य बर्बाद
उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं के साथ भर्ती घोटालों के जरिए सबसे बड़ा अन्याय हुआ। 2014 से 2024 के बीच HTET, HSSC, HPSC और पुलिस भर्ती सहित 20 से ज्यादा घोटाले सामने आए। 29 से अधिक FIR दर्ज हुईं और कई परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं। 2025 में फर्जी भर्ती वेबसाइट के जरिए 77 युवाओं से ठगी का मामला भी सामने आया।
कर्ज बढ़ता गया, विकास नहीं दिखा
अनुराग ढांडा ने कहा कि इन घोटालों का असर राज्य की आर्थिक स्थिति पर साफ दिखता है। 2024-25 तक हरियाणा पर कर्ज बढ़कर करीब 3.78 लाख करोड़ रुपये हो चुका है। सवाल यह है कि इतना पैसा आखिर गया कहां? न स्कूल सुधरे, न अस्पताल, न किसानों की आय बढ़ी और न युवाओं को स्थायी रोजगार मिला।
माफिया-राज का आरोप
उन्होंने कहा कि खट्टर से लेकर सैनी तक बीजेपी सरकार ने हरियाणा को माफिया-राज में बदल दिया, जहां छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई होती है, लेकिन बड़े नेता, अफसर और माफिया बचा लिए जाते हैं। यही वजह है कि घोटाले रुकने के बजाय लगातार बढ़ते गए।
AAP की मांग: निष्पक्ष जांच और श्वेत पत्र
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि 2014 से अब तक हुए खनन, श्रम, पैडी खरीद, भर्ती और अन्य बड़े घोटालों की निष्पक्ष जांच CBI या हाईकोर्ट की निगरानी में कराई जाए। अरावली और नदियों को बचाने के लिए पारदर्शी खनन नीति लागू हो और 3.78 लाख करोड़ रुपये के कर्ज पर श्वेत पत्र जारी किया जाए।
जनता के साथ खड़ी है AAP
अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। यह लड़ाई सिर्फ सत्ता की नहीं, बल्कि हरियाणा को भ्रष्टाचार और लूट से मुक्त कराने की है। बीजेपी सरकार को जवाब देना होगा कि 11 साल में घोटालों और कर्ज का यह पहाड़ आखिर कब खत्म होगा।


Download Android App
Download iOS App




