चंडीगढ़ : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमित शाह द्वारा जून माह के दौरान हरियाणा को दिया गया लक्ष्य पूरा करने में मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला पूरी तरह से जुट गए हैं। बेहद ठोस रणनीति के तहत विरोधी राजनीतिक दलों में सेंध लगाते हुए भाजपा को जहां मजबूत किया जा रहा है वहीं विपक्षी राजनीतिक दलों का सफाया किया जा रहा है। अगले चुनाव के दौरान भाजपा हरियाणा में मिशन 75 प्लस का लक्ष्य लेकर चल रही है।
जिसके चलते उन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत किया जा रहा है जहां पिछले चुनाव में पार्टी को हार मिली थी या फिर जीत का अंतर कम रहा था। हाल ही में योग दिवस के अवसर पर हरियाणा आए अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला, संगठन मंत्री सुरेश भट्ट सरीखे नेताओं से मंत्रणा कर उन्हें विपक्षी राजनीतिक दलों को राजनीतिक रूप से खत्म करने का टारगेट दिया था।
भाजपा की छवि अब तक शहरी लोगों की पार्टी वाली रही है। दूसरी तरफ इनेलो की छवि ग्रामीण अंचल की पार्टी की रही है। भाजपा ने इनेलो को साफ्ट टारगेट मानते हुए इनेलो में सेंधमारी करके ग्रामीण अंचल में खुद को मजबूत कर लिया है। भाजपा उन्हीं विधायकों एवं नेताओं को पार्टी में शामिल कर रही है जो उसकी टिकट पर दमदार तरीके से जीत हासिल करके 75 प्लस के लक्ष्य को हासिल करवा सकते हैं।
जिसके चलते अब तक इनेलो के केहर सिंह रावत, परमिंदर सिंह ढुल, जाकिर हुसैन, बलवान सिंह दौलतपुरिया, रणबीर सिंह गंगवा, प्रो.रविंदर बलियाला के अलावा आज नसीम अहमद, रामचंद्र कांबोज आदि भाजपा में शामिल हो चुके हैं। उक्त सभी विधायकों की अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में अच्छी पकड़ है और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आवाज विधानसभा में उठाते रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



