गुरुग्राम में अर्काडिया बाजार के पास शनिवार दोपहर एक जज (एडीजे) की पत्नी और उनके बेटे को एक हेड कॉन्स्टेबल ने गोली मार दी। दोनों की हालत अभी नाजुक बताई जा रही है। घटना दोपहर साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गोली की आवाज सुनते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, आरोपी किसी तरह फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-50 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ हालत में दोनों मां-बेटे को पास के ही पार्क हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें मेदांता अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया है। वही, जज के बेटे की हालत नाजुक बताई जा रही है। हेड कॉन्स्टेबल दोनों को सरकारी वाहन से बाजार लेकर गया था। तभी अचानक वहां दोनों को गोली मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोली मारने का आरोप जज के गनमैन पर लगाया गया है। आरोपी गनमैन की पहचान हरियाणा पुलिस में हेड कांस्टेबल महिपाल के रूप में हुई है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी गनमैन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच के साथ ही घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी निकालने में जुटी है।