कनीना : कनीना में प्रस्तावित मिनी सचिवालय तथा न्यायिक परिसर निर्माण को लेकर जो संशय बना हुआ था, आखिरकार उसका निवारण करते हुए गुरुवार को राव नरबीर सिंह लोक निर्माण मंत्री तथा डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने सामूहिक रूप से कहा कि दोनों भवन कनीना में मौजूदा न्यायिक एवं प्रशासनिक स्थल पर ही बनाए जाएंगे।
गुरुवार को उन्होंने कनीना कस्बे में औचक दौरा करके न केवल प्रस्तावित मिनी सचिवालय की जगह का अवलोकन किया अपितु उन्हाणी में बन रहे महिला कालेज तथा चेलावास में निर्माणाधीन कनीना की सब्जी मंडी एवं अनाज मंडी का अवलोकन करने के पश्चात राजकुमार कनीनवाल मार्केट कमेटी कनीना के प्रधान के निवास पर आयोजित एक जनसभा में दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि मिनी सचिवालय और न्यायिक परिसर का निर्माण जल्द ही किया जाएगा और वह भी कनीना की प्रस्तावित जगह पर करवाया जाएगा।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राव नरवीर सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि डिप्टी स्पीकर संतोष यादव का यह कहना बिलकुल सही है कि मनोहर सरकार में जितने विकास कार्य एवं नौकरियां बिना किसी भेदभाव के इस क्षेत्र को मिली हैं उतनी नौकरियां या विकास तो तब भी नहीं हो पाते जब मुख्यमंत्री इस क्षेत्र का होता। उन्होंने डिप्टी स्पीकर के उपरोक्त कथन पर चुटकी लेते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री इस क्षेत्र का होता तो इसी क्षेत्र के विधायक उन्हें छह महीने में ही चलता कर देते।
उन्होंने कहा कि मनोहर सरकार हरियाणा की पहली सरकार है, जिसमें पूर्ण रूप से योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर नौकरियां दी जा रही है। और विकास कार्यों में कोई भेदभाव नहीं बबरता जा रहा। उन्होंने इस मौके पर कहा कि कनीना-अटेली मार्ग पर स्थित रेल फाटक पर फ्लाईओवर बनवाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। फ्लाईओवर बनाने के लिये निर्धारित मानकों के बारे में जानकारी जुटाने पश्चात इस दिशा में समुचित कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि कोई रास्ता जो छह करम की चौड़ाई का हो उसे पक्का बनाया जायेगा। इस अवसर पर पत्रकारों द्वारा पूछे गये एक प्रश्र के उत्तर में कहा कि कनीना में फिलहाल एलिवेटेड रोड नहीं बन सकता परन्तु बाईपास का निर्माण अगले दो वर्षों में पूरा हो जाएगा, ताकि शहर में भारी वाहनों एवं अन्य वाहनों को प्रवेश न करना पडे।
उन्होंने कहा कि अतिशीघ्र ही अटेली टी प्वाइंट से रेवाड़ी मोड़ तक बेहतर दर्जे की एक मार्गी सडक़ जिसके साथ दोनो तरफ नाले भी बनवाये जायेंगे का निर्माण अतिशीघ्र पूरा करवाया जायेगा। इस दिशा में संबंधिति अधिकारियों को समुचित निर्देश जारी कर दिये गए हैं। इस मौके पर डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने कहा भाजपा सरकार में अहीरवाल का कायाकल्प कर दिया गया है।
अकेले अटेली हलके में दो दो महिला कालेज एक अटेली और दूसरा कनीना में बनाए गए हैं वहीं तीन आईटीआई स्थापित करवाई गई हैं। इसके अतिरिक्त कनीना में 50 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक अस्पताल भवन का निर्माण अपने अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि इन सबके अतिरिक्त समूचे अटेली हलके में दो चार रास्तों को छोडकर जोकि पाईपलाईन में है अब कोई भी ऐसी सडक नहीं बची है जिसका पुनर्निर्माण अथवा जिसको नया बनाया जाना हो न बनवाया गया हो।
– दीपचंद यादव


Download Android App
Download iOS App



