कैथल : इनेलो कैथल में 25 सितम्बर को ताऊ देवीलाल का जन्मदिवस सम्मान दिवस के रूप में मनाएगी और इस रैली में मुख्यातिथि के तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा होंगे। इसके अलावा रैली में कई बड़ा नेता पहुंचकर ताऊ देवी लाल को श्रद्धांजलि देंगे। चंद्रबाबू नायडू, मुलायम सिंह यादव, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी निमंत्रण भेजा जाएगा। रामपाल माजरा के निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा गलत फहमी की शिकार है, जो 75 पार की बात कर रही है और भाजपा के कार्यकर्ता 85 पार की बात करते हैं। इनकी गलत फहमी विधानसभा चुनावों में दूर हो जाएगी।
इनेलो नेता एवं विधायक अभय चौटाला ने सी.एम. की जनसमर्थन यात्रा पर अभय चौटाला ने कहा कि सी.एम. मनोहर लाल ने 5 वर्षों में कुछ नहीं किया। जनता उनसे सवाल न पूछ ले, इसलिए वे अपने कुकर्मों पर पर्दा डालने के लिए यात्रा निकाल रहे हैं। विधानसभा चुनावों में किसी पार्टी से गठबंधन होने की संभावना पर अभय चौटाला ने कहा कि जे.जे.पी. व बसपा गद्दार पार्टी है, जिन्होंने उन्हें धोखा दिया है। कांग्रेस वैसे ही खत्म हो चुकी है, इसलिए इनेलो आगामी चुनावों में किसी से गठबंधन नहीं करेगी और सभी 90 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में अपनी सरकार भी बनाएगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में अलग मुद्दे थे।
एक तरफ कांग्रेस के नेता राहुल गांधी थी और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। दूसरा राष्ट्रवाद का भी मुद्दा था। जिस कारण लोगों ने भाजपा को वोट दिया। लेकिन प्रदेश के मुद्दे अलग होते हैं। इसलिए विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी और प्रदेश में भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ेगा। इनैलो विस चुनावों में 30 प्रतिशत महिलाओं को भी टिकट देगी। चौटाला ने कहा कि पिछले पांच साल में भाजपा सरकार ने जनता के हित के कोई काम नहीं किए। 1 लाख करोड़ रुपए का कर्ज जरुर प्रदेश की जनता पर चढ़ा दिया।
लेकिन किसी भी जिले में 10 करोड़ रुपए तक के काम नहीं हुए। सारा पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल केवल नालों व छोटे-मोटे कामों पर पत्थर लगाकर वाहावाही लूटने का काम कर रहे हैं। जिस कारण जनता भाजपा से तंग आ चुकी है। वर्ष 2009 की तरह से जब चुनाव से पूर्व कमेरे वर्ग के मसीहा ताऊ देवी लाल की जयंती पर जनता उमड़ी थी और पार्टी ने 32 सीटें जीतीं थीं। इस बार भी आगामी 25 सितंबर को कैथल में आयोजित होने वाले ताऊ देवी लाल के जन्म दिवस-सम्मान समारोह में लाखों की भीड़ उमड़ेगी और पूरे प्रदेश में इनैलो की सरकार बनने का रास्ता साफ होगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पंडित कंवरपाल करोड़ा, पारस मित्तल, रणबीर पराशर सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



