पानीपत : जाट आरक्षण समिति ने सरकार से वायदे पूरे करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि अगले माह दिसंबर तक मांगे पूरी नहीं हुई तो जाटों को मजबूर होकर संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा। समिति के राष्ट्रीय सचिव प्रताप दहिया एडवोकेट बृहस्पतिवार को यहां कोर्ट परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि समिति ने प्रदेश स्तर पर रोहतक के गांव जसिया में दीनबंधु सर छोटूराम की 139वीं जयंती 24 नवंबर को मनाने को निर्णय लिया है।
जयंती समारोह में किसानों के मसीहा दीबंधु सर छोटूराम को याद किया जायेगा। उस कार्यक्रम में आरक्षण को लेकर कोई बात नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जाटों को गुर्जर, सैनी व यादव की तरह बीसी बी श्रेणी में आरक्षण दिया जाये। विधानसभा में विधायक रघुवीर कादियान व विधाय अभय सिंह चौटाला ने जाटों की आवाज उठाई है और समिति इसके लिए उनका आभार व्यक्त करती है। वही प्रदेश के अन्य विधायकों से भी जाटों की मांगे पूरी करने के लिए वकालत करने की मांग की गई।
वहीं समिति के प्रवक्ता एडवाकेट जगदीप घनघस ने सरकार पर आरोप लगाया कि जाटों के निर्दोष युवकों को जेलों में बंद कर रखा है उन्हे सरकार केस वापिस लेकर रिहा करवाये। प्रदेश महासचिव सुरेन्द्र मलिक ने सरकार से मांग की है कि दिसंबर तक किये गये वादे पूरे नहीं किये तो दिसंबर में राष्ट्रीय समिति कर बैठक में संघर्ष की अगली रूप रेखा तैयार की जायेगी। इस अवसर पर समिति के जिला प्रधान मामन बैनीवाल, राममेहर पिलानिया, दिलबाग बिंझौल,रणधीर नैन व कैप्टन रामचन्द्र भी मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



