चंडीगढ़ : दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर रैलियां करेंगे। आप हरियाणा में विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ेगी। आप की राज्य इकाई के प्रमुख नवीन जयहिंद ने कहा कि पार्टी 24 नवंबर को गुरूग्राम में एक जन सभा का आयोजन करेगी। इसके बाद दो दिसंबर को फरीदाबाद में, तीन दिसंबर को नारनौल में, नौ दिसंबर को करनाल लोकसभा क्षेत्र में रैली का आयोजन होगा। जयहिंद ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि अन्य रैलियों के कार्यक्रम के बारे में बाद में ऐलान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल बुधवार को सोनीपत जाएंगे और बीएसएफ जवान नरेंद्र सिंह के परिजनों को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देंगे। पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सितंबर में सिंह की बर्बर हत्या कर दी थी।
गौरतलब है कि दिल्ली की आप सरकार ने मृत सुरक्षा बल के कर्मी के परिजनों को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने के नियमों में बदलाव करने वाले प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी और इसमें उन कर्मियों को भी शामिल कर लिया था जो सेवा में शामिल होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में बस गए थे। गौरतलब है कि अगले चुनाव से पहले केजरीवाल ने हरियाणा के कई दौरें किए हैं जो उनका पैतृक स्थान है। वह आप को एक विकल्प के तौर पर पेश करने की कोशिश में है।


Download Android App
Download iOS App



