चंडीगढ़ : पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण की रोकथाम के संदेश का प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल सभी 39 भाजपा विधायकों के साथ आज यहां शुरू हुए विधानसभा सत्र में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री आवास से पैदल चलकर हरियाणा विधान सभा पहुंचे। विधानसभा जाते हुए रास्ते में मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत करते हुए श्री मनोहर लाल ने कहा कि उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति आम जनता में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए अपने निवास से विधानसभा तक की दूरी को पैदल तय करने का निर्णय लिया।
उन्होंने ‘पर्यावरण बचाओ-भविष्य बनाओ’ का नारा देते हुए कहा कि लोगों को प्रदूषण कम करने के लिए सभी प्रयास करने चाहिए क्योंकि यह न केवल उन्हें अच्छा स्वास्थ्य रखने में मदद करेगा बल्कि पर्यावरण को भी स्वच्छ और हरा-भरा बनाएगा। फसल अवशेषों को जलाने के कारण विशेष रूप से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण की समस्या के बारे में पूछे जाने पर श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों और लोगों के सहयोग के परिणामस्वरूप हरियाणा में स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
पिछले 24 घंटों में हरियाणा में कृषि अवशेषों को जलाने के केवल 70 मामले सामने आए हैं, जोकि पड़ोसी राज्य पंजाब में दर्ज किए गए मामलों की तुलना में बहुत कम है। उन्होंने कहा कि राज्य में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया गया है ताकि वायु प्रदूषण के स्तर को और कम किया जा सके।


Download Android App
Download iOS App



