पिनगवां : सांसद राजकुमार सैनी ने राज्यसभा सदन पर करारा हमला करते हुए कहा कि जब तक देश में नकली राजनीती का खात्मा नहीं होगा , तब तक बेगारी – बेरोजगारी – गरीबी दूर नहीं हो सकती। देश में जो कानून अंग्रेजों ने बनाया था, हम आजाद भारत में भी उसी कानून को ढो रहे हैं। अगर फर्क आया है, तो सिर्फ इतना कि उस समय गोरे अंग्रेजों ने राज किया, आज काली चमड़ी वाले कर रहे हैं। राज्यसभा में चोर दरवाजे से सांसद बनकर जाने वाले राजनेता लोकसभा के चुने हुए सांसदों पर भारी पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि जो बिल लोकसभा में पास हो जाता है, उसे राज्यसभा में रोक दिया जाता है। शनिवार को सांसद राजकुमार सैनी ने नूंह जिले के घासेड़ा, राजपुर(कुहकबान) , नगीना, दोहा गांवों में जनता से संवाद के दौरान कहे।
सांसद जींद रैली की सफलता पर कार्यकर्ताओं का आभार जताने नूंह मेवात जिले में आये। इस दौरे में उनकी धन्यवाद के साथ – साथ विधानसभा – लोकसभा चुनाव की तैयारी भी साफ दिखाई दी। राजपुर (कुहकबान) में तौफिक खान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भीड़ को संबोधित करते हुए सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि सूबे में जिस बिरादरी की सबसे ज़्यादा हिस्सेदारी लगभग हर क्षेत्र में है , वो आरक्षण मांग रही है। सरकारों को धमकी दी जाती है। हरियाणा को जलाया जाता है, लेकिन देश का कोई भी सांसद इसके खिलाफ लोकसभा से लेकर सड़कों पर आवाज उठाता दिखाई नहीं देता।
सांसद बोले कि उन्होंने हक़ की बात की तो , उस खास बिरादरी के लोगों को वे रास नहीं आये। उन्होंने कहा कि जाट नेताओं ने उन पर खूब हमले किये , लेकिन वे किसी से डरने वाले नहीं हैं। सैनी ने कहा कि सबको समान रूप से आरक्षण मिले , जातिगत आधार पर नहीं बल्कि आर्थिक आधार पर आरक्षण मिलना चाहिए। अब तक सभी सरकारों को घेरते हुए सांसद राजकुमार बोले कि मुस्लिम बाहुल्य जिले के लोगों को कितनी नौकरी मिली। एक आंकड़ा मीडिया के सामने पेश करते हुए सांसद ने कहा कि सबसे ज्यादा जाट समुदाय को नौकरी मिली है। बड़ी -बड़ी बातें करने वाले इनैलो-कांग्रेस के नेता आपके बीच वोट मांगने आएं, तो उनसे यह सवाल जरूर पूछना कि नूंह जिले को या मुसलमानों को कितना रोजगार आपकी सरकारों ने दिया।
सांसद ने खुलकर तो नहीं लेकिन भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि लोकसभा से लेकर विधानसभा तक में कई मामलों पर पार्टी साफ रुख नहीं रखती। हरियाणा जलाने वालों को आज भी आरक्षण देने का भरोसा दिलाया जा रहा है। कुरुक्षेत्र भाजपा सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि अगर वे सूबे के सीएम बने तो एक परिवार-एक रोजगार के अलावा किसान- मजदूर के हक़ में कारगर कदम उठाये जाएंगे। सैनी बोले कि नूंह जिले के लोगों कैनाल का पानी, रेल, यूनिवर्सिटी इत्यादि दिलवाने का काम किया जायेगा।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– आस मोहम्मद, गुरूदत्त भारद्वाज,


Download Android App
Download iOS App



