रोहतक : मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के गढ़ गढ़ी सांपला किलोई में हुंकार भरी। सीएम ने इस अवसर पर इशारों-इशारों में कहा कि खेल नहीं चलेगा कोई खेल, तुम्हारा इंतजार कर रही है जेल। मुख्यमंत्री किलोई में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हुड्डा अपने ऊपर लगे आरोपों पर कहते फिरते थे कि मेरे खिलाफ कोई भी इंक्वायरी करवा लो, मैं हर जांच के लिए तैयार हूं।
लेकिन जब जांच चली तो कोर्ट में वकीलों को कहते फिरते हैं कि इस मामले को रोको, मेरे उस मामले को रोको। वीरवार को सांपला अनाज मंडी में जनसभा को बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सीएम हुड्डा ने प्रदेश में 10 साल राज किया, लेकिन कभी भी पूरे हरियाणा को अपना नहीं समझा।
उस समय विकास केवल उन हलकों में हुए, जहां उनकी पार्टी के विधायक थे। लेकिन जब हमने प्रदेश में सत्ता संभाली तो उस समय ही तय कर लिया था कि प्रदेश की ढाई करोड़ जनता हमारा परिवार है और हमने हर हलके के लिए 5-5 करोड़ रुपये जारी कर दिए थे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को मिटाने का हमारा संकल्प आज कामयाब होता नजर रहा है। जिन लोगों ने भ्रष्टाचार किया है, उनसे हम एक-एक रुपया निकलवाकर रहेंगे, क्योंकि यह जनता का पैसा है और इसे विकास पर लगना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि ना खाऊंगा और ना ही खाने दूंगा, हमने इस नारे में एक बात और जोड़ दी, ना खाएंगे, ना खाने देंगे और गलत ढंग से कमाया है, उसे भी निकाल लेंगे। सीएम ने कहा कि आज प्रदेश में कई सीटों को हॉट सीट बताया जा रहा है। एक सीट करनाल भी बताई गई, जहां विपक्षी कह रहे हैं कि पर्चा भरने के बाद सीएम वहां गए ही नहीं।
उन्होंने कहा कि मैं विपक्ष के लोगों को बता देना चाहता हूं कि हमारे कार्यकर्ता वहां पर स्वयं मनोहरलाल बनकर काम कर रहे हैं। किलोई की सीट भी हॉट सीट है और यहां पर एक व्यक्ति अपने आप को फन्ने खां मानता था। वह कहता था कि उसे अपने हलके में जाने की जरूरत नहीं।


Download Android App
Download iOS App



