रोहतक : मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अब दादा-बाप-बेटे व पोते की राजनीति के युग का अंत समय आ गया है। अब जनता अपनी मनसंपद सरकार चुन रही है। पहले बाप-दादाओं की राजनीतिक कमाई उनकी पीढिय़ां खाती थीं और मनचाहे ओहदों पर रहती थीं। हरियाणा में कई पीढिय़ां मठाधीश बनकर बैठी हुई थी, जिससे जनता ने खत्म करने का काम किया है। मुख्यमंत्री सोमवार को कलानौर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राजनीतिक घरानों ने अपने घर भरने का काम किया और जनता के हितों की अनदेखी की, लेकिन भाजपा ने जनहित को सर्वोपरि मानते हुए प्रदेश में न केवल समान विकास कराए बल्कि गरीबों के हित में योजनाएं भी लागू की। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर तंज कसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछली चार पीढिय़ों से गरीबी हटाने का नारा दे रही है, परंतु अभी तक गरीबी नहीं हटी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के उत्थान की दिशा में कदम बढ़ाया। पहले जवाहर लाल नेहरू ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, इसके बाद नारे को इंदिरा गांधी ने आगे बढ़ाया और राजीव गांधी ने गरीबों के उत्थान के जरिये सत्ता हासिल की। इसके बाद सोनिया व मनमोहन सिंह ने गरीबी के नाम पर राजनीति की और आज राहुल गांधी गरीबी हटाओ के नारे को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये नेता गरीबों के नाम पर सत्ता पर कब्जा कर गरीबों को भूल जाते हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन को नहीं मिलता था।
(मनमोहन कथूरिया)


Download Android App
Download iOS App



