मोदी का रोहतक दौरा जाट आंदोलन के जख्म भरने की कवायद

Summary :

मोदी का रोहतक दौरा आग को न केवल ठंडा करने की दिशा में सत्तारूढ़ भाजपा का बड़ा प्रयास होगा बल्कि इस दौरे से हरियाणा में कई राजनीतिक समीकरण भी बनेंगे।

चंडीगढ़ : हरियाणा में दो साल पहले हुए जाट आरक्षण आंदोलन की आग अभी तक ठंडी नहीं हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोहतक दौरा इस आग को न केवल ठंडा करने की दिशा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का बड़ा प्रयास होगा बल्कि इस दौरे से हरियाणा में कई राजनीतिक समीकरण भी बनेंगे। मोदी का आगामी नौ अक्तूबर को हरियाणा दौरा पूरी तरह से जातिगत राजनीतिक समीकरणों को जन्म दे रहा है। भाजपा एक तीर से कई शिकार करने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ अक्तूबर को गढ़ी सांपला में दीनबंधु सर छोटूराम की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए आ रहे हैं।

गढ़ी सांपला जींद के बाद हरियाणा की राजनीति में दूसरा केंद्र बिंदु रहा है। सत्तारूढ़ भाजपा व कांग्रेस के मुकाबले इनेलो में ओमप्रकाश चौटाला युग तक इनेलो की राजनीतिक छोटूराम के इर्द-गिर्द घूमती रही है। चौटाला ने ही गढ़ी सांपला में छोटूराम स्मारक का निर्माण करवाया था और चौटाला पाकिस्तान से छोटूराम की निशानियां यहां लेकर आए थे। सर छोटूराम केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के नाना थे। जिनकी प्रतिमा लगवाने के लिए बीरेंद्र सिंह लंबे समय से लगे हुए हैं। वर्ष 2016 में रोहतक में हुए आरक्षण आंदोलन के दौरान जहां 32 लोगों की मौत हो गई थी वहीं हजारों करोड़ रुपए की संपत्ति नष्ट हो गई थी। रोहतक व आसपास के इलाकों में हिंसक आंदोलन के निशान आज भी देखने को मिलते हैं। इस क्षेत्र में आंदोलन को लेकर लोगों के जख्म जहां आज भी हरे हैं वहीं जाट बाहुल्य क्षेत्र के लोग आंदोलन के दौरान सरकारी कार्रवाई से आज भी नाखुश हैं।

आरक्षण को लेकर फिर करेंगे जाट आंदोलन

ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोहतक दौरे के कई राजनीतिक मायने हैं। भाजपा मोदी को बुलाकर एक तीर से कई शिकार करने की तैयारी में है। केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा में भाई का रिश्ता होने के बावजूद राजनीतिक रूप से विरोधता रही है। ऐसे में गढ़ी सांपला में होने वाले कार्यक्रम की पूरी कमान बीरेंद्र सिंह डूमरखां के हाथों में देकर भाजपा ने हुड्डा के गढ़ में डूमरखां को मजबूती देने का प्रयास किया है। कार्यक्रम अगर सफल होता है तो इसका श्रेय बीरेंद्र सिंह को जाएगा और हाईकमान की नजरों में बीरेंद्र सिंह का कद भी बढ़ेगा। हरियाणा में किसान वर्ग के लोग सर छोटूराम को किसानों का मसीहा मानते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री द्वारा छोटूराम को सम्मान दिए जाने से न केवल किसानों बल्कि जाति विशेष के लोगों में भाजपा की छवि सुधरेगी बल्कि एक सकारात्मक संदेश भी जाएगा।

(राजेश जैन)

Desk Team