सांसद शैलजा ने कांग्रेस में गुटबाजी को नकारा, भाजपा सरकार पर किया हमला

Summary :

भाजपा सरकार की नीतियों पर सांसद शैलजा ने उठाए सवाल

हरियाणा के सिरसा से लोकसभा सांसद कुमारी शैलजा ने रव‍िवार को कांग्रेस संगठन में हो रही देरी, गुटबाजी के आरोपों और अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में संगठनात्मक फैसले राजनीतिक होते हैं और इसका निर्णय पार्टी हाईकमान लेता है। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

गुजरात में राहुल गांधी के कांग्रेस में रहकर भाजपा की मदद करने वाले नेताओं को लेकर चिंता जताने वाले बयान पर कुमारी शैलजा ने कहा कि पार्टी इस मामले को गंभीरता से ले रही है और आने वाले समय में इसके परिणाम भी दिखेंगे।

कुमारी शैलजा ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि कई स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है, जबकि कई स्कूल ऐसे भी हैं, जहां बच्चों की संख्या न के बराबर है। सरकार को गरीबों की सरकार कहने के बजाय उनके बच्चों की शिक्षा व्यवस्था सुधारनी चाहिए।

देश की अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए कुमारी शैलजा ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था किसानों और मजदूरों से चलती है और इसे लेकर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। कुमारी शैलजा ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां ही लाइन पर नहीं हैं।

कुमारी शैलजा ने कहा कि सिरसा जिला में वे लोगों से मिली हैं। क्षेत्र में विकास नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि सांसद शैलजा ने हाल ही में हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार को लेकर अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर हमला किया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.