गुरुग्राम : शनिवार रात 12:00 बजे से फास्टैग अनिवार्य होते के साथ ही दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे स्थित खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर जारी भीषण जाम का दौर समाप्त होने का नाम ही नहीं ले रहा है। मंगलवार को भी इस टोल प्लाजा पर दिन भर जाम लगता रहा। यहां हर समय आधा-आधा किलोमीटर का जाम आम रहा।
इससे वाहन चालकों को काफी दिक्कत हुई। लोगों का कहना है कि बिना पूर्ण तैयारी के इस योजना को लागू किया जाना मुसीबत को दावत देने जैसा है। इससे आमजन ही नहीं उद्योग जगत से संबंधित लोग भी काफी परेशान हैं। उद्यमियों का कहना है कि पहले सरकार को ठोस इंतजाम करना चाहिए इसके बाद इसे लागू किया जाए। खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर कैश लेन के साथ-साथ फास्टैग वाली भी लेन में जाम लग रहा है।
अभी काफी वाहन चालकों को नहीं पता है कि टोल प्लाजा पर कैश और फास्टैग के लिए अलग-अलग लेन हैं। इस कारण कैश वाले वाहन चालक भी इस लेन में घुस रहे हैं। इससे काफी परेशानी हो रही है। यहां से गुजरने वालों का कहना है कि मौके पर बड़ी संख्या में ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी मौजूद हैं इसके बावजूद जाम से राहत नहीं मिल रही है।
फास्टैग अब मुफ्त नहीं मिलेगा
यदि अभी तक आपने टोल से गुजरने के लिए फास्टैग नहीं लिया है तो अब आपको अधिक रुपये खर्च करने होंगे। सरकार की ओर से 1 से 15 दिसंबर तक यह मुफ्त दिया जा रहा था। वहीं, अब फास्टैग लेने के लिए आपको कम से कम 300 रुपये खर्च करने होंगे। उसका रिचार्ज अलग से करना होगा।
इन 300 रुपये में 100 रुपये सर्विस चार्ज के साथ ही 200 रुपये बतौर सिक्योरिटी राशि ली जा रही है। जब भी कभी वाहन चालक फास्टैग वापस करेंगे तो सिक्योरिटी राशि वापस कर दी जाएगी। रोहतक-पानीपत हाईवे स्थित मकड़ौली टोल प्लाजा की बात करें तो अभी तक करीब पांच हजार से अधिक फास्टैग दिए जा चुके हैं। सोमवार देर रात तक 800 वाहन चालकों को फास्टैग दिए गए।
ऑनलाइन में आ रही परेशानी
कुछ प्राइवेट बैंकों की तरफ से ऑनलाइन भी फास्टैग अप्लाई किए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें थोड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोहतक की एकता कालोनी के रहने वाले संजय कुमार ने बताया कि उसने कई दिन पहले एचडीएफसी बैंक में ऑनलाइन फास्टैग अप्लाई किया था। उसके खाते से रुपये भी काट लिए गए, लेकिन अभी तक न फास्टैग मिला और ना ही कोई रिस्पांस आया। कस्टमर केयर भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहा।


Download Android App
Download iOS App



