जींद : हरियाणा के जींद में होने वाले विधानसभा उप चुनाव के लिए पर्चा दाखिल करने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि उपचुनाव में उतरने के लिए पार्टी हाईकमान का आदेश उनके लिए माटी का कर्ज उतारने का अवसर है । सुरजेवाला ने कहा कि यहां की मिट्टी के संस्कार, संस्कृति, सीख और शिक्षा तथा बुजुर्गों द्वारा दिखाया गया रास्ता उनकी रगों में दौड़ रहा है । कांग्रेस नेता ने कहा कि जींद की धरती ने सदैव इतिहास रचने का काम किया है और इस इतिहास के एक बार फिर से बदलने की जिम्मेदारी जींद की जनता पर है ।उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि पार्टी ने इस समर का नेतृत्व मुझे सौंपा है। जींद विधानसभा ही नहीं यह पूरा जिला एक परिवार का कोपभाजन बना है ।’’
इनेलो और नवगठित जननायक जनता पार्टी (जजपा) के संबंध में सुरजेवाला ने दावा किया कि सत्ता में रहने के दौरन इन पार्टियों के नेताओं ने लोगों को डराया धमकाया गया और जनता की सम्पत्ति पर कब्जे कराए गये । रेहड़ी-फेरी वालों को लूटा जाता था। विधानसभा में ये पार्टियां भाजपा की बी टीम के तौर पर काम कर रही हैं। भाजपा ने पिछले साढ़े चार साल के दौरान जींद जिले कोई विकास नहीं किया ।’’ इससे पहले आज सुरजेवाला ने कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर जींद विधानसभा उपचुनाव के लिए पर्चा दाखिल किया । पर्चा दाखिल करते समय विधायक कुलदीप बिश्रोई के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव समेत कांग्रेस के कई दिग्गज मौजूद थे ।


Download Android App
Download iOS App



