सिरसा : मीडिया में रिपोर्टों के अनुसार एनसीआर एरिया में प्रदूषण फिर से दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है और फरीदाबाद, गुरुग्राम, बल्लबगढ़ और दिल्ली आदि में जो प्रदूषण का स्तर है वह सेहत के लिए नुकसानदायक है, खासकर उनके लिए जिनको सांस की बीमारी है और बुजुर्ग आमतौर ऐसे मौसम में ज्यादातर संभावित परेशानियों से जूझते हैं।
यह बात मीडिया को बयान देते समय इनेलो नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला ने किसानों पर पराली जलाने के मामले के बारे में बात करते हुए सरकार को चेताया कि केवल वायु प्रदूषण का कारण किसान ही नहीं और भी कई ऐसे कारण हैं जिसकी वजह से दिन-ब-दिन वायु में प्रदूषण बढ़ता जा रहा है और सरकार केवल किसानों को ही प्रताडि़त करने पर लगी है। असल में इस सारे वायु प्रदूषण के दोषी कोई और हैं, जिन पर सरकार रहमोकरम की निगाह रखती है।
अभी नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने पानीपत थर्मल पॉवर पर तीन करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है क्योंकि थर्मल पॉवर की राख की वजह से 90 प्रतिशत लोगों को सांस की, चमड़ी और आंखों आदि की बीमारियां दिन-प्रतिदिन बढ़ रही थी। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे कारखानेदारों, ईंट भट्टों के मालिकों और रिहायशी इलाकों में कूड़ा-कर्कट फैलाने वालों के विरुद्ध हरियाणा पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड सख्त कदम नहीं उठाएगा तब तक प्रदूषण पर काबू नहीं पाया जा सकता।


Download Android App
Download iOS App



