PM मोदी का आज हिसार दौरा, राज्य के पहले एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन

Summary :

हिसार से अयोध्या के लिए शुरू होगी सीधी उड़ान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को हरियाणा के हिसार में महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे अयोध्या के लिए पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरे को लेकर पूरे हरियाणा में उत्साह है और 15 जिलों से लोग हिसार पहुंचने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह हरियाणा के हिसार जाएंगे। सुबह 10:15 बजे प्रधानमंत्री महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से हवाई सेवा की औपचारिक शुरुआत करेंगे और नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर वह अयोध्या के लिए पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर पूरे हरियाणा में उत्साह का माहौल है। प्रदेश के 15 जिलों से लोगों के हिसार पहुंचने की उम्मीद है। साथ ही अंबेडकर जयंती के अवसर पर कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि हरियाणा का पहला हवाई अड्डा हिसार में बनकर तैयार है। सोमवार से यहां से अयोध्या के लिए सीधी उड़ान शुरू हो रही है। इसके बाद हिसार से श्रीनगर, अहमदाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए भी हवाई सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी।

PM मोदी करेंगे हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन, अयोध्या को मिलेगी पहली उड़ान

उन्होंने कहा कि एयर कनेक्टिविटी से जहां प्रदेश के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं रोजगार और नए उद्योगों के द्वार भी खुलेंगे। गंगवा ने बताया कि पंजाब और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों को भी इस हवाई अड्डे का लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री की रैली और कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतीक गहलोत ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में 11 पुलिस अधीक्षक, 37 डीएसपी सहित करीब 2500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पंडाल में प्रवेश करने वाले सभी लोगों की जांच डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और मैनुअल चेकिंग के जरिए की जाएगी।

इस दौरान, कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक पार्किंग व्यवस्था की गई है। सिरसा, बरवाला और बगला की तरफ से आने वालों के लिए पुलिस लाइन एरिया, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, महिला कॉलेज और वॉटर वर्क्स में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। हांसी, रायपुर और मिर्जापुर की ओर से आने वालों के लिए एमजी क्लब, एचटीएम मिल की खाली जगह और गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था हुई है। जींद, बरवाला, नरवाना और तलवंडी राणा की ओर से आने वालों के लिए एयरपोर्ट के पीछे पार्किंग के इंतजाम किए गए हैं।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा, “एक ही दिन में प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा में दो कार्यक्रम किए जाना यह दर्शाता है कि उन्हें प्रदेश से विशेष लगाव है। केंद्र सरकार की ओर से राज्य के विकास से जुड़ी हर मांग को प्राथमिकता दी जा रही है।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा न केवल हिसार बल्कि पूरे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.