मध्य प्रदेश: कटनी में शख्‍स की निर्मम हत्या, पुलिस ने दो आरोपी को पकड़ा, एक फरार

Summary :

फिल्म पुष्पा से प्रेरित होकर कटनी में हत्या

मध्यप्रदेश के कटनी जिले में फिल्मी स्टाइल में एक शख्स की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है। आरोपियों ने फिल्म ‘पुष्पा’ से प्रेरित होकर हत्या की योजना बनाई थी और नशे की हालत में कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

मध्यप्रदेश के कटनी जिले में फिल्मी स्टाइल में हुई एक शख्‍स की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में तीन युवकों ने मिलकर अपने एक साथी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अब भी फरार है। कटनी के एसपी अभिजीत रंजन ने बताया कि 11 अप्रैल की सुबह कटनी साउथ स्टेशन के पास लखेरा क्षेत्र निवासी अजय उर्फ अज्जू भूमिया की क्षत-विक्षत लाश बरामद की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई है। इसके बाद पुलिस ने तुषार रजक नामक युवक को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की तो पूरी घटना का खुलासा हुआ।

PM नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के गुरुजी महाराज मंदिर में की पूजा-अर्चना

एसपी ने आगे बताया कि तुषार ने स्वीकार किया कि 10 अप्रैल की रात वह अपने दो अन्य साथियों बांके और बल्ली साहू के साथ नशे की हालत में सुनसान मैदान में गया था। वहां उन्होंने फिल्म ‘पुष्पा’ के डायलॉग और सीन दोहराते हुए अजय भूमिया को बुलाया और तुषार ने उस पर 15 से 20 बार कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। तुषार और बांके ने खून से सनी कुल्हाड़ी को साफ कर बांके के घर के पीछे छुपा दिया। वहीं, फरार आरोपी बल्ली साहू ने तुषार के खून से सने कपड़ों को ठिकाने लगाया। पुलिस ने तुषार और बांके को गिरफ्तार कर लिया है जबकि बल्ली साहू अब भी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

एसपी रंजन ने बताया कि आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे ‘पुष्पा’ फिल्म के स्टंट और डायलॉग से प्रेरित होकर हत्या को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। नशे की हालत में उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया, जिसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट से भी हुई है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.