हरियाणा में दो और तीन जनवरी को शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई ताकि यह पता लगाए जा सके कि वे सही ढंग से काम कर रहे हैं या नहीं।
शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ.जगबीर सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में दो लाख 61 हजार 299 परीक्षार्थी शामिल होंगे, परीक्षा नकल रहित हो इसके लिए एक दिन पहले ही सभी जिलों में कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्न पत्र पहुंचाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नकल रोकने के इरादे से पूरे प्रदेश में धारा-144 लगाई गई है, परीक्षा केंद्रों के पास फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेगी। डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि इस बार कोरोना का खतरा होने के कारण अंगूठे के निशान के बजाय आंखों की पुतली का स्कैन कर हाजिरी ली जाएगी।
उल्लेखनीय है कि नकल रोकने के लिए बोर्ड ने 174 उड़न दस्ते बनाए है। बोर्ड के मुताबिक दो जनवरी की पीजीटी की परीक्षा दोपहर बाद होगी जबकि तीन जनवरी को पीआरटी व टीजीटी की परीक्षा होगी।


Download Android App
Download iOS App



