PM मोदी के आगमन से पहले हिसार में तैयारियों की समीक्षा, CM नायब सिंह सैनी ने दिए निर्देश

Summary :

PM मोदी आज 14 अप्रैल को हरियाणा के हिसार जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को हिसार में महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे और अयोध्या के लिए पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल (सोमवार) को हरियाणा के हिसार जाएंगे। हिसार में पीएम मोदी महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से हवाई सेवा की औपचारिक शुरुआत करेंगे और नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएम मोदी के कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी न रहे और समस्त व्यवस्थाएं समय पर तथा सुचारू रूप से पूरी की जाएं। सीएम नायब सिंह सैनी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी एयरपोर्ट टर्मिनल के दूसरे चरण का शिलान्यास भी करेंगे। इसी दौरान यहां से अयोध्या को जाने वाली पहली फ्लाइट को रवाना किया जाएगा। इस अवसर पर पीएम एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

Haryana में अंबेडकर जयंती पर PM Modi की विकास परियोजनाओं की सौगात

सीएम ने कहा कि यह एयरपोर्ट न केवल हिसार बल्कि आस-पास के जिलों के लिए भी एक बड़ी सौगात साबित होगा। हवाई सेवाओं के शुरू होने से क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई उड़ान मिलेगी। पीएम मोदी का यह दौरा हरियाणा के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा, हांसी के विधायक विनोद भ्याना, विधायक रणधीर पनिहार मौजूद रहे। पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार दोपहर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा था, “अंबेडकर जयंती पर कल (सोमवार) का दिन हरियाणा की विकास यात्रा को समर्पित रहेगा। सुबह करीब 10:15 बजे हिसार-अयोध्या के बीच कमर्शियल फ्लाइट का शुभारंभ और एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का शिलान्यास करूंगा। दोपहर बाद यमुनानगर में भी कई प्रोजेक्ट्स से जुड़ा कार्यक्रम है।”

बता दें कि पीएम मोदी सोमवार को हरियाणा में वे सबसे पहले हिसार जाएंगे और सुबह करीब 10:15 बजे हिसार से अयोध्या के लिए वाणिज्यिक उड़ान को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही, वे हिसार हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का शिलान्यास भी करेंगे। पीएम मोदी हिसार में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

इसके बाद, लगभग 12:30 बजे वे यमुनानगर में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। हवाई यात्रा को सुरक्षित, किफायती और सर्व-सुलभ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, पीएम मोदी हिसार में महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा भी पीएम मोदी कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.