चंडीगढ : केंद्र और प्रदेश में सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों के मुहाने पर आकर हरियाणा में सोमवार को जन विकास रैली के बहाने बागड इलाके में अपनी पैठ का दमदार प्रदर्शन किया। अहीरवाल और मुस्लिम बैल्ट में उमड़ी भारी भीड़ से गदगद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां हरियाणा भाजपा और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों को सराहा, वहीं राष्ट्रमंडल खेलों की गडबडी को केएमपी निर्माण की गडबडि़यों से जोडते हुए विरोधियों को दुत्कारने का मौका नहीं चूके।
हरियाणा के दक्षिण छोर से कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित करने के आयोजन को भुनाने के लिए गुरूग्राम के सुल्तानपुर में जन विकास रैली रखने के मकसद में प्रदेश भाजपा पूरी तरह से कामयाब रही। केएमपी के दायरे में आने वाले गुरूग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, रोहतक लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ अहीरवाल और मुस्लिम बैल्ट में भाजपा की पकड दिखाते हुए भाजपा के प्रयास उस वक्त रंग लाए, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले रैलीस्थल पर लगाई गई कुर्सियां भर गई और बहुत ज्यादा भीड़ पंडाल के बाहर खडी थी।
यहां तक कि कुर्सियां भरने के बाद रैली में आए लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन जमीन पर बैठकर और पाॢकंग में खडी बसों की छत पर खडे होकर सुना। प्रदेश के दक्षिण छोर में हुए इस आयोजन में सोमवार के तौर पर कार्यदिवस होने तथा देवउठनी एकादशी का वैवाहिक शुभ मुहुर्त होने के बावजूद भाजपा ने बागड इलाके में बेहतरीन प्रदर्शन किया। कामयाब आयोजन से जहां भाजपा ने इस क्षेॠत्र में मजबूत होने का सीधा सा संदेश दिया है, वहीं यह दिखाने में भी कसर नहीं छोडी कि लोगों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भी व्यवस्था में बडे बदलाव के वाहक हैं और भाजपा की नीतियां जनता को फायदा देने वाली हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन विकास रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा केंद्र सरकार की नीतियों के अनुरूप आमजन की भलाई के लिए कराए जा रहे कामों की सराहना करते हुए उन्हें एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री करार दिया, वहीं उन्होंने केएमपी को लेकर पूर्व सरकार की नीयत में खोट होने की ओर इशारा किया। उन्होंने इसे राष्ट्रमंडल खेलों से जोडते हुए कहा भी कि केएमपी इन खेलों से पहले तैयार होना था, लेकिन गलत सोच और नीयति के कारण न केवल यह समय से पूरा नहीं हो पाया, अपितु बजट में भी भारी भरकम वृद्धि हुई।
हरियाणा की तुलना हिम्मत, हौंसला, दोस्त और हमसफर के साथ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकल्प से सिद्धी तक के अपने सफर में प्रदेश को बडा महत्व देने और समय के साथ-साथ अपना संबंध मजबूत करने की नींव भी रखी। 40 दिन के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे दौरे में रिकार्डतोड भीड़ जुटाकर भाजपा ने विरोधी दलों के जनाधार कमजोर होने के दावों की न केवल हवा निकाली, अपितु यह दर्शा दिया कि इनेलो-कांग्रेस के भीतर की जूतम-पैजार सडक पर आने के बाद लोगों का भरोसा पारदर्शी और व्यवस्था बदलाव की सरकार दे रही भाजपा पर बढ रहा है। भाजपा ने इस पूरे आयोजन को सितंबर 2013 की रेवाड़ी में पूर्व सैनिक रैली के सुखद चुनावी आगाज से जोडते हुए निरंतर जीत हासिल कर सत्ता की दहलीज तक पहुंचने का रास्ता बनाने की तैयारी कर ली है।
(राजेश जैन)


Download Android App
Download iOS App



