कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे ‘‘मुक्केबाज’’ हैं जो बेरोजगारी से मुकाबले के लिए अखाड़े में उतरे थे, लेकिन उन्होंने अपने कोच (प्रशिक्षक) और बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी पर ही मुक्के बरसा दिए। राहुल ने भिवानी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। भिवानी भारत की ‘‘मुक्केबाजी की नर्सरी’’ के तौर पर जाना जाता है।
इस जिले ने कई नामी मुक्केबाज दिए हैं, जिनमें विजेंदर सिंह भी शामिल हैं। विजेंद्र दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘अपनी 56 इंच की छाती पर गुमान करने वाले मुक्केबाज नरेंद्र मोदी बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे, भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों से मुकाबला करने के लिए अखाड़े में उतरे थे….वहां नरेंद्र मोदी के कोच आडवाणी जी और गडकरी जैसे टीम के अन्य सदस्य भी थे…मोदी अखाड़े में आए और उन्होंने सबसे पहला काम किया आडवाणी के चेहरे पर मुक्का मारने का।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी का अपमान किया। राहुल ने कहा कि आडवाणी को मुक्का मारने के बाद इस मुक्केबाज ने नोटबंदी और ‘‘गब्बर सिंह टैक्स’’ (जीएसटी) से छोटे दुकानदारों पर मुक्के बरसाए। कांग्रेस ने भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से अपनी पूर्व सांसद श्रुति चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। श्रुति हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत बंसी लाल की पोती और मौजूदा विधायक किरण चौधरी की बेटी हैं। बीजेपी ने इस सीट से मौजूदा सांसद धरमवीर को ही दोबारा अपना उम्मीदवार बनाया है। हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर 12 मई को मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App




