डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम इन दिनों फरलो पर जेल से बाहर हैं। खालिस्तानी द्वारा हत्या की आशंका केचलते राम रहीम को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। हरियाणा सरकार ने एडीजीपी (CID) की एक रिपोर्ट को आधार बनाते हुए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को फरलो के दौरान सुरक्षा मुहैया कराई है। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले राम रहीम को मिली फरलो पर कई सवाल भी खड़े किए गए।
एडीजीपी CID की तरफ से रोहतक रेंज कमिश्नर को लिखे गए पत्र में बताया गया है कि उनको गृह मंत्रालय से इनपुट मिले हैं कि राम रहीम को खालिस्तान समर्थित आतंकवादियों से खतरा है और सजा से पहले भी उसको धमकियां मिलती रही हैं। इसी खतरे को देखते हुए गुरमीत राम रहीम की सुरक्षा को कड़ा किया जाना जरूरी है।
हरियाणा के सोनीपत से 3 खालिस्तानी समर्थक आतंकी अरेस्ट, एके- 47 और पिस्टल हुई बरामद
डेरामुखी गुरमीत राम रहीम 7 फरवरी से फरलो पर है और इस दौरान वह गुरुग्राम स्थित अपने डेरे में परिवार के साथ रह रहा है। गुरमीत को फरलो दिए जाने के विरोध में हाईकोर्ट में 23 फरवरी को सुनवाई होनी है। राम रहीम को पिछले साल भी अपनी बीमार मां से मिलने के लिए सुबह से शाम तक का आपातकालीन पैरोल दी गई थी।
राम रहीम पूर्व पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या और दो डेरा शिष्यों के बलात्कार के मामले में वर्तमान में रोहतक की सुनारिया जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। उसे जेल से 21 दिन की छुट्टी पर 7 फरवरी को रिहा किया गया था। इस मामले में पंचकूला की स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने 2017 में राम रहीम को दोषी ठहराया था।


Download Android App
Download iOS App



