रोहतक में बड़ी साजिश नाकाम! पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए भाऊ गैंग के दो शूटर

Summary :

Rohtak Bhau Gang Shooters: रोहतक में भाऊ गैंग से जुड़े दो कथित शूटरों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। बक्करवाला इलाके में घेराबंदी के दौरान फायरिंग हुई, जिसके जवाब में दोनों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से विदेशी हथियार बरामद किए हैं। दोनों से गैंग के नेटवर्क और वारदात को लेकर पूछताछ जारी है।

Rohtak Bhau Gang Shooters: हरियाणा के रोहतक जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल, पुलिस ने  हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग से जुड़े दो युवकों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों शहर में बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।  बता दें कि इस  कार्रवाई  रोहतक सीआईए स्टाफ की टीम ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर अंजाम दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि  गिरफ्तार युवकों की पहचान रिठाल गांव के रहने वाले समीर और विजय नगर निवासी कुश के रूप में हुई है। दोनों पर भाऊ गैंग से जुड़े होने और आपराधिक वारदात की तैयारी करने का आरोप है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोलियों से घायल होने के बाद  दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत के बारे में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

दिल्ली और रोहतक में वारदात की थी तैयारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंग से जुड़े दो युवक दिल्ली और रोहतक में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इनपुट मिलने के बाद CIA की टीम ने उनकी हर गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों  की लोकेशन दिल्ली के बक्करवाला इलाके में मिली। इसके बाद टीम ने उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपितों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

इस दौरान आरोपियों  की तरफ से गोली चलाए जाने के बाद टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दोनों युवकों के पैरों में गोलियां लगीं। घायल होने के बाद उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों  की तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से मॉडर्न  विदेशी हथियार बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत और उनके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।

गैंग के दूसरे सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश

गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि उन्हें हथियार कहां से मिले और इस पूरी साजिश में उनके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और क्या इसके पीछे गैंग के किसी बड़े सदस्य का निर्देश था। उनके मोबाइल फोन, संपर्कों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा सकती है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय पर मिली सूचना और कार्रवाई से संभावित हत्या या फायरिंग की घटना को टालने में मदद मिली है। अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपितों की योजना क्या थी और उनके पीछे कौन लोग काम कर रहे थे।

यह भी पढ़ें: कौन है विनोद पानू? हिसार कोर्ट में दिनदहाड़े गोलियों से भूना, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।