कौन है विनोद पानू? हिसार कोर्ट में दिनदहाड़े गोलियों से भूना, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी

Summary :

हरियाणा के हिसार जिला अदालत परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेशी के लिए लाए गए कुख्यात गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। इस गोलीबारी में विनोद पानू की मौत हो गई।

हरियाणा के हिसार जिला अदालत परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेशी के लिए लाए गए कुख्यात गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। मुख्य द्वार के पास हुई इस गोलीबारी में विनोद पानू की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं। इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है।

हिसार कोर्ट में गैंगस्टर की हत्या

जानकारी के अनुसार, विनोद पानू हिसार कोर्ट में पेशी पर पंहुचा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और कई राउंड गोलियां चलाने के बाद वहां से भागने की कोशिश की। हालांकि आरोपी को तभी पकड़ लिया गया था।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं, जबकि कुछ चश्मदीदों और वकीलों का दावा है कि मुख्य गेट और पार्किंग के आसपास 15 से 20 राउंड फायरिंग की गई। गोलियों की आवाज से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

Gangster Vinod Panu Murder
Gangster Vinod Panu Murder (Image- Social Media)

इस हादसे के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें इस हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। हालांकि हम इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करते हैं। इस पोस्ट में लिखा गया है कि विनोद पानू उनके विरोधी गुटों के संपर्क में था और इसी वजह से उन्होंने इस हत्या को अंजाम दिया। इसके साथ ही उसने अन्य लोगों की चेतावनी दी कि समय रहते सुधर जाओ, नहीं तो सबका अंजाम ऐसा ही होगा। इस पोस्ट में उसने लॉरेन्स बिश्नोई ग्रुप और जितेंद्र गोगी ग्रुप समेत अन्य गैंग को जोड़ा है।

कौन है विनोद पानू?

विनोद पानू उर्फ काना हरियाणा के हिसार का कुख्यात गैंगस्टर था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और लूट जैसे गंभीर मामलों में 31 से अधिक केस दर्ज होने की बात कही जा रही है। वह हिसार के थुराना गांव का रहने वाला था। उसका दिल्ली-NCR समेत हरियाणा के कई इलाकों में आपराधिक नेटवर्क बताया जाता था। पुलिस ने 2017 में उसे झज्जर से गिरफ्तार किया था। उस समय उसके ऊपर 7 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

उस पर हिसार के प्रॉपर्टी डीलर संजय उर्फ बिट्टू शर्मा की हत्या के मामले में भी आरोप लगा था। संजय, तत्कालीन मंत्री/विधायक सावित्री जिंदल के पीए के भतीजे थे। 20 अगस्त 2026 को हिसार कोर्ट में पेशी के दौरान कोर्ट के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने उस पर कई राउंड फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी।

Also Read: हिसार कोर्ट परिसर में गैंगस्टर विनोद काना की गोली मारकर हत्या, 15-20 राउंड फायरिंग से मची भगदड़

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।