हरियाणा की आदमपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार और ‘टिक-टॉक’ सनसनी सोनाली फोगाट अपने एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में है। दरअसल, मंगलवार को एक चुनावी रैली में ‘भारत माता की जय’ के नारे नहीं लगाने वाले लोगों से पूछा कि ‘क्या वे पाकिस्तानी हैं’?
हालांकि बयान को लेकर विवाद खड़ा होते देख उन्होंने सफाई भी दी है। उन्होंने कहा, वो सिर्फ उन युवाओं को यह समझाना चाहती थीं कि देश के सम्मान में भारत माता की जय बोलना चाहिए। लेकिन अगर किसी की भावना को ठेस पहुंची है तो वह माफी मांगती हैं।
हरियाणा विधानसभा चुनाव : कांग्रेस कर सकती है कृषि ऋण माफी का वादा
गौरतलब है की हिसार जिले के आदमपुर स्थित बालसमंद गांव में आयोजित रैली में फोगाट ने लोगों से भारत माता की जय के नारे लगवाए। उन्होंने जब नारे लगाने को कहा तब भीड़ में कुछ लोगों के शांत रहने पर उनसे पूछा, ‘‘ पाकिस्तान से आये हो क्या? पाकिस्तानी हो क्या? अगर हिन्दुस्तान से आए हो तो भारत माता की जय बोलो।’’
फोगाट ने इसके बाद भीड़ में नारा नहीं लगाने वालों की ओर देखते हुए कहा, ‘‘मुझे शर्म आती है कि आप जैसे लोग भी भारतीय हैं जो तुच्छ राजनीति के लिए ‘भारत माता की जय’ के नारे नहीं लगाते।’’ फोगाट के गुस्से का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें वह कह रही हैं कि जो लोग ‘भारत माता की जय’ नहीं बोल सकते, उनके वोटों का कोई मूल्य नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



