चंडीगढ़: हिंदी फिल्म पद्मावती का विरोध कर रहे भाजपा नेता सूरजपाल अम्मू ने अब हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के विरूद्ध मोर्चा खोल दिया है। हरियाणा में राजपूत करणी सेना का झंडा उठाने वाले सूरजपाल अम्मू अब मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर द्वारा मुलाकात न किए जाने से नाराज हैं। पद्मावती को लेकर विवादित बयानबाजी से सुर्खियों में आए बीजेपी नेता सूरजपाल अम्मू ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर हमला बोलते हुए इसे राजपूत बिरादरी का अपमान करार दे दिया है।
यह विवाद मंगलवार को उस समय और गहरा गया जब दिल्ली में राजपूत करणी सेना व मुख्यमंत्री मनोहरलाल के बीच तयशुदा मुलाकात नहीं हो पाई। करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष भवानी सिंह का दावा है कि सीएम मनोहरलाल से सुबह साढ़े आठ बजे का टाइम फिक्स था। इसके लिए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व अन्य 22 प्रतिनिधि टाइम पर दी गई जगह पर पहुंच गए लेकिन, पता चला कि सीएम पिछले दरवाजे से निकल गए।
भवानी सिंह ने कहा कि हम किसी और काम से नहीं गए थे केवल, यही चाहते थे कि जिस तरह कुछ राज्यों ने फिल्म के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया है, हरियाणा में भी लगाया जाए। इसके लिए केवल ज्ञापन देना चाहते थे लेकिन, उनके मुलाकात किए बिना चले जाने से राजपूत समाज का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री मिलना ही नहीं चाहते थे तो टाइम नहीं देना चाहिए था।
(राजेश जैन)


Download Android App
Download iOS App



