गुरुग्राम: पिछले एक सपताह से गर्मी के कहर ने लोगों का अस्त-व्यस्त कर रखा था। तापमान सिर चढ़कर बोल रहा था। लेकिन बुधवार की सुबह शहर के लोगों के लिए राहत लेकर आई। मौसम विभाग का अनुमान सही निकला। बुधवार सुबह से मौसम ने करवट ली और हल्की बारिश शुरू हो गई। मौसम सुहाना हुआ, तापमान में गिरावट आई और तेज हवाएं चलने लगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो तीन दिन तक बारिश होने की संभावना जताई थी। लेकिन बुधवार को कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा।
मौसम वैज्ञानिक आशीष मित्रा का कहना है पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव व पंजाब से बंगाल की खाड़ी तक बने एक ट्रफ के चलते दिल्ली व आसपास के इलाकों में अगले दो से तीन दिन अच्छी बारिश होगी। हालांकि पहले की तुलना में इसकी तीव्रता में कुछ कमी आई है। शहर में 1 जुलाई तक मानसून पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अरब सागर से आ रही आद्र्रता के कारण हरियाणा में हवा में आद्र्रता का स्तर काफी अधिक बना हुआ है। इसके चलते लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को शहर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। हवा में आद्र्रता का अधिकतम स्तर 75 फीसदी के करीब रहा। शाम के समय शहर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई।
– अजय तोमर


Download Android App
Download iOS App





