गंभीर रोगियों के लिए कोविड का खतरा बढ़ा

Summary :

गंभीर रोगियों के लिए कोविड का खतरा बढ़ा

हरियाणा में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि हो रही है, जिससे गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों पर खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है और विशेष वार्ड तैयार किए गए हैं। डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है और ऑक्सीजन व दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

पूरे देश में कोरोना के मामलों में एक बार फिर तेजी से वृद्धि हो रही है। हरियाणा में भी कोविड-19 के मामले सामने आए हैं। इस बीच विशेषज्ञों की राय है कि यह महामारी पहले से गंभीर रोगों से ग्रसित लोगों को ज्यादा प्रभावित करेगी, इसलिए उन्हें अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।

हरियाणा में कोविड के मामले सामने आने के बाद राज्य का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में हुई एक मीटिंग के बाद डॉक्टरों की ड्यूटी लगा दी गई है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर निपुण ने बताया कि राज्य में बढ़ते मामलों की वजह से हम अपनी तैयारी कर रहे हैं। कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सभी स्टाफ अलर्ट मोड में हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा, “30 बेड का एक विशेष वार्ड बनाया गया है। ऑक्सीजन की भरपूर और पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था की गई है। कोविड-19 से जुड़ी हर प्रकार की दवाइयां, कोविड किट और टेस्टिंग किट भी उपलब्ध हैं। आने वाले दिनों में बुखार के मरीज का कोविड का टेस्ट किया जाएगा। उन लोगों को ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है जिन्हें दिल, किडनी, फेफड़े की बीमारी है। ऐसे लोगों को अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने की जरूरत है ताकि कोरोना का उन पर प्रभाव न पड़े।”

हरियाणा में तूफान और बारिश का कहर: गुरुग्राम में जलभराव, JE सस्पेंड

उन्होंने कहा, “कोविड 2019 में आया था और 2022 तक रहा। कोई भी वायरल बीमारी आती है तो एकदम से खत्म नहीं होती है। धीरे-धीरे उनमें कमी आती है। अब कोविड उन्हें ज्यादा प्रभावित कर रहा है जो अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित हैं। जिन्हें हार्ट, किडनी, ब्रेन स्ट्रोक या मधुमेह की बीमारी है, उन्हें ज्यादा प्रभावित करेगा।” हरियाणा में कोरोना बढ़ रहा है। अब तक पांच लोग वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इसमें तीन केस फरीदाबाद और दो गुरुग्राम के हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.