बहादुरगढ़ : शहर के पटेल नगर में लगे पीएनबी के एटीएम को कुछ ही मिनटों में चोर बीती रात को उखाड़कर ले गए। एटीएम में 4 लाख 77 हजार 500 रुपए होने की बात सामने आई है। चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया गया ताकि उनकी हरकतें कैद न हो। स्थानीय लोगों को सुबह इसके बारे में पता चला तो उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी अनुसार पटेल नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को रविवार की आधी रात के बाद चोरों ने एटीएम बूथ को अपना निशाना बनाना शुरू किया। सबसे पहले उन्होंने यहां लगे कैमरों तो तोड़ दिया। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घटना को अंजाम देने से पहले पूरी तरह से रैकी की हुई थी। किस वाहन में एटीएम मशीन को लेकर गए हैं इसके बारे में भी कुछ स्पष्ट नहीं हो रहा। हालांकि घटनास्थल से कुछ दूरी पर उस दौरान एक टैपों यहां से निकलता जरूर दिख रहा है।
एटीएम बूथ को उखाड़कर ले जाने की सूचना मिलने पर बैंक का स्टॉफ भी पहुंचा। बताया जा रहा है कि इस दौरान एटीएम में 4 लाख 77 हजार 500 रुपए थे। उधर सेक्टर-6 चौकी पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि इससे पहले भी शहर के कई स्थानों पर एटीएम बूथों को चोरों द्वारा निशाना बनाया जा चुका है। कुछ समय पहले बालौर चुंगी के पास इंडिकैश बैंक की ऑटोमेटेड टेलर मशीन (एटीएम) पर बदमाशों ने हाथ साफ कर दिया था। गाड़ी से खींचकर मशीन उखाड़ी गई फिर उसे गाड़ी में डालकर बदमाश फरार हो गए। मशीन में छह लाख 29 हजार 800 रुपए थे।
क्षेत्र में बीते डेढ़ साल में इस तरह की 9 वारदातें हो चुकी हैं। हरेक वारदात के दौरान सिक्योरिटी गार्ड एटीएम बूथ से नदारद रहे हैं। अधिकांश वारदातें अभी अनसुलझी हुई है। सेक्टर-6 थाना एस.एच.ओ. उप निरीक्षक कर्ण सिंह ने बताया कि पीएनबी मैनेजर राजीव नंदन के ब्यान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। रात के समय न तो इसका शटर बंद था और न ही सिक्योरिटी गार्ड तैनात था।
– प्रेम शर्मा


Download Android App
Download iOS App



