फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में हुए निकिता हत्याकांड मामले में गठित हुई एसआईटी ने अपनी जांच शुरू कर दी है। इस बीच बुधवार को हत्याकांड के तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस आरोपी ने ही हत्यारोपी तौसीफ को हथियार (देशी कट्टा) मुहैया कराया था।
फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने बुधवार को मामले में तीसरे आरोपी अजरू को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है। अजरू ने ही हत्या में इस्तेमाल हुए कट्टे को तौसीफ को मुहैया कराया था। अजरू को पकड़ने के लिए पुलिस ने दर्जनों जगह दबिश दी, जिसके बाद उसे नूंह जिले से गिरफ्तार किया गया।
निकिता तोमर के परिजनों से मिले केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन
निकिता तोमर हत्याकांड की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) बुधवार सुबह पीड़िता के घर पहुंची और उसने मामले की जांच शुरू कर दी। निकिता हत्याकांड को लेकर मंगलवार को वल्लभगढ़ में हुए प्रदर्शन के बाद हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर नीत सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का आदेश दिया था।
गौरतलब है कि अग्रवाल कॉलेज की छात्रा निकिता की बीते सोमवार एक युवक ने हत्या कर दी थी। इसबीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलवाने की मांग को लेकर बल्लभगढ़ स्थित अग्रवाल कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं, एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने जिला उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया।


Download Android App
Download iOS App



