डेमोक्रेट पार्टी से उप राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस ने कहा है कि उन्हें गर्व है कि वह एक देशभक्त अमेरिकी नागरिक हैं, जो अपने देश से प्रेम करती है। हैरिस ने रिपब्लिकन पार्टी के उस आरोप को खारिज किया जिसमें उन्हें “समाजवादी” एजेंडा प्रचारित करने वाला बताया गया था।
उन्होंने कहा कि उनके मूल्य अमेरिका के मूल्यों को प्रतिबिंबित करते हैं। द न्यूयार्क टाइम्स अखबार में प्रकाशित खबर के अनुसार बुधवार को एरिजोना में अंतिम चुनाव प्रचार अभियान के दौरान टक्सन में आयोजित एक रैली में हैरिस ने कहा कि “सब कुछ दांव पर लगा है।”
इसके साथ ही उन्होंने अपने भाषण में ट्रंप प्रशासन द्वारा कोविड-19 की स्थिति के प्रबंधन की भी आलोचना की। कैलिफोर्निया से सीनेटर हैरिस ने समाजवादी एजेंडा प्रचारित करने के रिपब्लिकन पार्टी के आरोपों का भी खंडन किया। उन्होंने अपने समर्थकों से कहा, “मेरे मूल्यों के बारे में बात की जा रही है। मुझे एक देशभक्त अमेरिकी होने पर गर्व है। मैं अपने देश से प्रेम करती हूं और हमारे मूल्य अमेरिका के मूल्यों को प्रतिबिंबित करते हैं।”
अपने और ट्रंप के चुनाव प्रचार अभियान की तुलना करते हुए हैरिस ने कहा कि जहां ट्रंप की जनसभाओं में सभी लोग मास्क नहीं लगाते और सामाजिक दूरी का पालन नहीं करते, वहीं डेमोक्रेट पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडेन और वह (हैरिस) शुरू से ही इस बारे में स्पष्ट हैं कि वह मतदाताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ताक पर रखकर उन्हें संबोधित नहीं करेंगे।


Download Android App
Download iOS App


