फरीदाबाद : बाइपास रोड पर शनिवार सुबह एक बार फिर तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे चारपाई पर बैठे बुजुर्ग और उसके चार वर्षीय नाती को कुचल डाला। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गुस्साएं पड़ौसियों व परिजनों ने कार के शीशे तोड़ और क्षतिग्रस्त कर दिया और उसमें सवार तीन युवकोंं को जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।
इसके बाद गुस्साएं लोगों ने इस घटना के विरोध में थाने में भी जमकर हंगामा किया, पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर कर शांत करवाया। देर सायं दोनों शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद अंतिम संस्कार करने की बजाए गुस्साएं लोगों ने बाईपास रोड़ पर शवों को रखकर जाम लगा दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेम नगर झुग्गी निवासी 60 वर्षीय रमेश सफाई का काम करता था। एनआईटी दो निवासी उनकी बेटी विजय रानी बच्चों के साथ गर्मी की छुट्टियों में अपने मायके आई हुई है।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे रमेश अपने चार साल के नाती विहान को गोद में लेकर सड़क किनारे चारपाई डालकर बैठा हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार इसी दौरान बल्लभगढ़ की तरफ से एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पीछे से रमेश और विहान को सीधी टक्कर मारी। दोनों चारपाई से उछल कर दूर जाकर पड़े। इस दौरान एक बड़ा सा पत्थर भी उछलकर उन पर जा पड़ा। यह देखकर वहां अफरा.तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को वहां निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से गुस्साए लोगों ने शीशे तोड़ कर कार को क्षतिग्रस्त और तीनों युवकों की भी जमकर पिटाई की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों ने तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद लोगों ने ओल्ड फरीदाबाद थाने में भी हंगामा किया। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिए हैं। जिसके बाद परिजनों ने उन्हें अंतिम संस्कार की बजाए बाईपास रोड़ पर रखकर जाम लगा दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस उन्हें मनाने का प्रयास कर रही है।
– राकेश देव


Download Android App
Download iOS App



