मोदी सरकार में राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह अपनी ही पार्टी के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से इतना नाराज हुए कि उन्होंने एक सभा में मनोहर लाल खट्टर को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई। गुरुग्राम में मोदी सरकार के 4 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि उन्हें चुनाव में खट्टर साहब से कोई उम्मीद नहीं है।
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा, ”मुझे कोई खास उम्मीद नहीं है, आपकी सरकार चुनाव में सांसदों की मदद करेगी। जो हीरो होंडा चौक का उद्घाटन होना था वो मैं अपनी तरफ से कर आया, फीता ही काटना बकाया है वो आप जाकर कर आईये। आपने टाइम दिया था आप नहीं पहुंचे, मैं होकर आ गया। आपके पास निजी सचिव हैं, आप फोन कर देते। किसी को तो खबर करनी चाहिए कि हम वहां खड़े रहे। केंद्र का कार्यक्रम हो, केंद्र का पैसा लग रहा हो और हम घूमकर चले जाएं, यह हम नहीं करेंगे।”
गुरुग्राम से सांसद इंद्रजीत सिंह ने आगे कहा मनोहर लाल खट्टर को संबोधित करते हुए यह तक कहा कि बेहतर यही है अगली बार आपको आमंत्रित ही न किया जाए। हालांकि जब सीएम खट्टर से इस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो वे असहज हो गये। फिर उन्होंने चालाकी से कहा कि वह राव साहब की बेबाकी के कायल हैं, उनके दिल में जो था, सो कह दिया, ये सब घर की बात है।
वही, केंद्रीय मंत्री गडकरी से अनुरोध करते हुए राव इंद्रजीत ने कहा कि अगली बार से ऐसे कार्यक्रम में केंद्र का मंत्री उपस्थित होना चाहिए। बता दें कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के अलावा प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सुभाष बराला और कई वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार के मंत्री मौजूद थे।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



