प्रदेश में शीघ्र होगी पुलिस में 7 हजार जवानों की भर्ती

Summary :

मनोहर लाल ने कहा लगभग 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की पूर्ण पारदर्शिता से भर्ती की गई थी और 7 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती आगामी दो महीनों में कर दी जाएगी।

करनाल : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। पारदर्शी एवं सूचना प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक प्रयोग कर व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से प्रदेश के लोगों को भ्रष्टाचार रहित शासन देने की पिछले 4 वर्षों में पहल की गई है। उन्होंने कहा कि लगभग 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की पूर्ण पारदर्शिता से भर्ती की गई थी और 7 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती आगामी दो महीनों में कर दी जाएगी।

मनोहर लाल मंगलवार को महात्मा गांधी जी की 150वीं जयंती पर हरियाणा को मिले स्वच्छता सर्वेक्षण पुरस्कार-2018 का नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों ग्रहण करने उपरांत इसकी जानकारी लोगों को देने के लिए करनाल के गांवों के दौरों के दौरान कहा कि जनता जो भी सार्वजनिक विकास कार्य बताएगी उसको हम तुरंत करवाएंगे। सरकार के पैसे को जहां जरूरी है वहां पहले लगाना है, किसी भी काम को शेष नहीं रहने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान ग्रामीणों द्वारा मांगी गई सभी मांगों को तुरंत पूरा करवाने का आश्वान दिया।

48 घंटे के अंदर मिलेगा नया गैस सिलेंडर : खट्टर

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पिछले करनाल दौरे के दौरान डाचर गांव के गुरूद्वारे में न जाने पर सिक्ख समाज के लोगों द्वारा नाराजगी प्रकट करने के सवाल का उत्तर देते हुए कहा कि वे सिक्ख समाज का पूरा सम्मान करते हैं। अगर किसी प्रकार की गलतफहमी है तो उन्हें मिल बैठकर दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों कार्यक्रमों की अधिकता व समय की कमी के कारण वे गुरूद्वारा नहीं जा पाए थे।

इस अवसर पर ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, भाजपा नेता अशोक सुखीजा, योगेन्द्र राणा, मेहर सिंह कलामपुरा, मण्डल अध्यक्ष प्रवीन लाठर, जयपाल शर्मा, कविन्द्र राणा, शमशेर सिंह नैन, सुनील गोयल, कुलदीप शर्मा, उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया, पुलिस अधीक्षक एस.एस. भौरिया उपस्थित थे।

Desk Team